हार्दिक पांड्या के दमदार कमबैक पर बड़ा खुलासा, गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा ने दिलाई नई पहचान

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 04:38 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर Hardik Pandya ने खुलासा किया है कि IPL 2025 के बाद उन्होंने अपने खेल में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया। हार्दिक ने बताया कि उनकी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा ने उन्हें अपने अंदर छिपे ‘क्रिकेट गीक’ को फिर से खोजने में मदद की, जिसके बाद उन्होंने कड़ी मेहनत कर खुद को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए तैयार किया।

‘मैंने अपनी पूरी क्षमता का इस्तेमाल नहीं किया’

हार्दिक ने कहा कि उन्हें हमेशा अपनी गेंदबाजी पर भरोसा रहा, लेकिन बल्लेबाजी उनके दिल के बेहद करीब है। उन्होंने स्वीकार किया, 'मुझे लगा कि मैंने अब तक अपनी बल्लेबाजी क्षमता का 40 प्रतिशत भी इस्तेमाल नहीं किया है। IPL 2025 के बाद मैंने ठान लिया कि मुझे हार्दिक की पूरी क्षमता दिखानी है।'

NCA में आधी रात तक अभ्यास

हार्दिक ने बताया कि वह बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (NCA) में घंटों अभ्यास करते थे। 'मैं दोपहर 3:30 बजे मैदान पर पहुंचता और रात 12:30 बजे निकलता था। कई बार लाइट बंद करने वाला आखिरी व्यक्ति मैं ही होता था।'

उन्होंने कहा कि माहिका शर्मा के साथ खेल को लेकर बातचीत ने उन्हें फिर से वही उत्साह दिया, जो बचपन में क्रिकेट खेलते समय महसूस होता था।

पाकिस्तान के खिलाफ गेंद से किया कमाल

हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में हार्दिक गोल्डन डक का शिकार हुए, लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने जोरदार वापसी की।

उन्होंने विकेट मेडन ओवर डालकर साहिबजादा फरहान को आउट किया और बाद में उस्मान तारिक का विकेट लेकर भारत की 61 रन की जीत में अहम भूमिका निभाई। इससे पहले नामीबिया के खिलाफ उन्होंने तेजतर्रार अर्धशतक भी जड़ा था। अब तक टूर्नामेंट में वह चार विकेट ले चुके हैं।

आगे का कार्यक्रम

भारत 18 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नीदरलैंड्स से भिड़ेगा। 22 फरवरी को सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका से मुकाबला होगा, जबकि जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज भी ग्रुप में शामिल हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News