T20 World Cup : ''एक तो शतक करना है'', कोच कोटक की सलाह पर संजू सैमसन का दमदार जवाब
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 12:17 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन का प्रदर्शन टीम इंडिया की जीत की सबसे बड़ी कहानियों में से एक रहा। टूर्नामेंट की शुरुआत में लंबे समय तक बेंच पर बैठने के बाद सैमसन ने मौका मिलने पर शानदार प्रदर्शन किया और टीम के लिए मैच जिताने वाली पारियां खेलीं। सैमसन ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब भी अपने नाम किया।
कोटक ने कहा था – ‘एक तो शतक करना है’
भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने खुलासा किया कि टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने सैमसन से कहा था कि उन्हें कम से कम एक शतक जरूर बनाना चाहिए। इस पर सैमसन ने मुस्कुराते हुए मजेदार जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'एक तरफ आप कहते हैं कि व्यक्तिगत रिकॉर्ड मायने नहीं रखते और दूसरी तरफ कहते हैं कि शतक बनाओ, ये दोनों बातें कैसे संभव हैं?' कोटक के मुताबिक यह जवाब मजाक में था, लेकिन इससे टीम के खिलाड़ियों की सोच साफ नजर आती है।
टीम की जीत को दी गई प्राथमिकता
कोटक ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में व्यक्तिगत रिकॉर्ड की बजाय टीम की जीत को प्राथमिकता दी। उन्होंने बताया कि यही सोच टीम की सफलता की सबसे बड़ी वजह बनी और इसी माहौल को बनाने की कोशिश हेड कोच गौतम गंभीर ने भी की थी।
बेंच पर रहने के बाद भी बने रहे आत्मविश्वासी
कोटक ने यह भी बताया कि सैमसन लंबे समय तक प्लेइंग इलेवन से बाहर रहने के बावजूद पूरी तरह आत्मविश्वास से भरे हुए थे। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने सैमसन से इस बारे में बात की तो विकेटकीपर बल्लेबाज ने उनसे कहा, 'कोटक भाई, आप चिंता मत करो। मैं हमेशा तैयार हूं। जब भी मौका मिलेगा, मैं टीम के लिए प्रदर्शन करूंगा।'
शानदार आंकड़ों से जीता दिल
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सैमसन का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। उन्होंने सिर्फ 5 पारियों में 321 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 80.25 और स्ट्राइक रेट 199.37 रहा। सैमसन ने पूरे टूर्नामेंट में 24 छक्के लगाए, जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा थे।
सचिन तेंदुलकर से भी मिली मदद
संजू सैमसन ने यह भी बताया कि खराब दौर के दौरान सचिन तेंदुलकर की सलाह ने उनकी काफी मदद की। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में संघर्ष के समय सचिन के मार्गदर्शन से उन्हें अपने खेल को बेहतर बनाने में मदद मिली।

