T20 World Cup : भारत ने नीदरलैंड को 17 रनों से हराया, शिवम दुबे- वरुण चक्रवर्ती रहे जीत के हीरो
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 10:46 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का विजयी रथ लगातार आगे बढ़ रहा है। ग्रुप-ए के अपने आखिरी मुकाबले में भारत ने नीदरलैंड्स को 17 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने ग्रुप-ए की अंकतालिका में 8 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर रहते हुए सुपर-8 के लिए मजबूती से कदम रखा। अब अगला लक्ष्य सुपर-8 में भी इसी लय को कायम रखना होगा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट गंवाकर 193 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में नीदरलैंड्स की टीम ने पूरा प्रयास किया, लेकिन 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 176 रन ही बना सकी और मुकाबला 17 रनों से गंवा बैठी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड्स को माइकल लेविट और मैक्स ओ'डॉड की जोड़ी ने संतुलित शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 35 रन जोड़े। हालांकि छठे ओवर में गेंदबाजी करने आए वरुण चक्रवर्ती ने मैक्स ओ'डॉड को 20 रन पर आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद 51 रन के कुल स्कोर पर हार्दिक पांड्या ने माइकल लेविट को पवेलियन भेजकर दूसरा झटका दिया।
इसके बाद बॉस डी लीडे और कॉलिन आक्रमेन ने आक्रामक रुख अपनाते हुए तीसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 49 रनों की तेज साझेदारी की। यह जोड़ी खतरनाक होती जा रही थी, लेकिन एक बार फिर वरुण चक्रवर्ती ने कमाल दिखाते हुए कॉलिन आक्रमेन को 23 रन पर आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। इस विकेट के बाद नीदरलैंड्स की पारी लड़खड़ा गई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे।
आखिरी ओवरों में नूह क्रोस और जैक लायन-कैशेट ने तेज बल्लेबाजी कर मैच को रोमांचक बनाने की कोशिश की, लेकिन वे टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा। वरुण चक्रवर्ती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि शिवम दुबे ने 2 सफलता हासिल की। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को भी एक-एक विकेट मिला।
प्लेइंग XI
भारत : ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह
नीदरलैंड : माइकल लेविट, मैक्स ओ'डॉड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (विकेटकीपर), ज़ैक लायन-कैशेट, रोएलोफ़ वैन डेर मर्व, लोगन वैन बीक, आर्यन दत्त, काइल क्लेन, नोआ क्रोस

