टी20 विश्व कप से एक दिन पहले भारत को बड़ा झटका, स्टार तेज गेंदबाज हुआ चोटिल
punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 03:12 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 विश्व कप से ठीक एक दिन पहले भारत को बड़ा झटका लगा है। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गए हैं। रिपोर्ट्स में इस बात की जानकारी सामने आई है। अभी आधिकारिक जानकारी आना बाकी है। हर्षित बुधवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत के वार्म-अप मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। भारत शनिवार 07 फरवरी को टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में अमेरिका से भिड़ेगा।
हर्षित वार्म-अप मैच के दौरान लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए और रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि उन्हें जोड़ों में दर्द है। भारत के वार्म-अप मैच में हर्षित ने एक ओवर में 16 रन दिए, जिसमें उनकी परेशानी साफ दिख रही थी। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, 'हर्षित की हालत ठीक नहीं लग रही है। हमें आज पता चलेगा। अगर हर्षित बाहर हो जाते हैं, तो यह एक बड़ा झटका होगा। हमें दूसरे कॉम्बिनेशन देखने होंगे। लेकिन हमारे पास बेंच स्ट्रेंथ काफी है।'
सूर्यकुमार से जब राणा के रिप्लेसमेंट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि टीम में किसी और ऑलराउंडर को शामिल किया जाएगा। टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, 'हम देखेंगे। ऐसा कोई पक्का नियम नहीं है कि वह ऑलराउंडर ही होना चाहिए।'
टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रित बुमरा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वाशिंगटन सुंदर, ईशान किशन (विकेटकीपर)
टी20 विश्व कप के लिए भारत का शेड्यूल
7 फरवरी: भारत बनाम USA (वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई)
12 फरवरी: भारत बनाम नामीबिया (अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली)
15 फरवरी: भारत बनाम पाकिस्तान (आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो)
18 फरवरी: भारत बनाम नीदरलैंड्स (नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद)

