Rising Stars Asia Cup : भारतीय टीम की धमाकेदार जीत, पाकिस्तान को 8 विकेट से रौंदा

punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 03:46 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : बैंकॉक के टर्डथाई क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारत A ने पाकिस्तान A को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 93 रन पर समेट दिया, फिर वृंदा दिनेश की नाबाद अर्धशतकीय पारी ने लक्ष्य को बेहद आसान बना दिया।

पावरप्ले में पाकिस्तान की बल्लेबाजी ढही

पाकिस्तान A की कप्तान हफ्सा खालिद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन फैसला गलत साबित हुआ।

साइमा ठाकोर ने पहले ही ओवर में युसरा आमिर को आउट किया। चौथे ओवर में जिंतिमनी कालिता ने ओमाइमा सोहेल को पवेलियन भेजा। उसी ओवर में इमान नसीर रन आउट हो गईं। पांचवें ओवर में साइमा ने कप्तान हफ्सा खालिद को भी चलता किया। पावरप्ले के बाद पाकिस्तान A का स्कोर 29/4 था।

100 रन से पहले ऑलआउट

Radha Yadav ने गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए हुरैना सज्जाद को एलबीडब्ल्यू किया और फिर शावाल जुल्फिकार (23 रन) को भी पवेलियन भेजा। गुल रुख ने 28 गेंदों में 21 रन बनाकर थोड़ी प्रतिरोध दिखाया, लेकिन प्रेमा रावत ने उनका विकेट झटक लिया। अंत में मिन्नू मणि ने मोमीना रियासत को स्टंप आउट किया और पाकिस्तान A की पूरी टीम 18.5 ओवर में 93 रन पर सिमट गई।

वृंदा दिनेश का धमाका

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत A को शुरुआत में झटका लगा जब हुमैरा काजी गोल्डन डक पर आउट हो गईं।

लेकिन इसके बाद Vrinda Dinesh ने आक्रामक बल्लेबाजी शुरू कर दी। अनोशा नसीर के ओवर में तीन चौके जड़े। छठे ओवर में गुल पर चार चौके लगाए। 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अनुष्का शर्मा (24 रन) के साथ 79 रन की साझेदारी ने मैच पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया।

तेजल हसबनीस ने छक्का और चौका लगाकर 11वें ओवर की पहली गेंद पर जीत सुनिश्चित कर दी। भारत A ने 59 गेंद शेष रहते मुकाबला जीत लिया। वृंदा 29 गेंदों में 55 रन बनाकर नाबाद रहीं, जिसमें 12 चौके शामिल थे।

टूर्नामेंट में पहली जीत

यह भारत A की टूर्नामेंट में पहली जीत है। इससे पहले उन्हें यूएई के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं पाकिस्तान A ने अपने पहले मैच में 30 रन से जीत दर्ज की थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News