IPL 2024 : बल्ले और गेंद में संतुलन जरूरी, हर जगह गेंदबाज पिट रहे : गांगुली

punjabkesari.in Friday, Apr 26, 2024 - 10:45 PM (IST)

नई दिल्ली : भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में सपाट पिचों पर और ‘इम्पैक्ट' खिलाड़ी के तौर पर अतिरिक्त बल्लेबाज की मौजूदगी से गेंदबाजों की दुर्दशा पर ध्यान दिलाते हुए शुक्रवार को कहा कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) को बल्ले और गेंद के बीच संतुलन बनाने का तरीका ढूंढना होगा। आईपीएल के इस चरण में अब तक की पिचें बल्लेबाजों के लिए मुफीद रही हैं। टीम अब आसानी से 200 रन का आंकड़ा पार कर रही हैं।

 

गांगुली ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के मैच की पूर्व संध्या पर कहा कि गेंदबाजों के लिए यह आसान नहीं है। उनके खिलाफ हर जगह रन बनाए जा रहे हैं और भविष्य में इस ओर ध्यान देने की जरूरत है क्योंकि बल्ले और गेंद के बीच संतुलन रहना चाहिए। आईपीएल की संचालन संस्था ने मौजूदा सत्र में बल्लेबाजी और गेंदबाजी के बीच समानता के प्रयास में गेंदबाजों को अधिकतम दो बाउंसर डालने की भी अनुमति दी है। कुछ ‘इम्पैक्ट' खिलाड़ी नियम को गेंदबाजी और बल्लेबाजी में असंतुलन का कारण मानते हैं। गांगुली के अलावा महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने भी गेंदबाजों के संबंध में अपनी चिंता जाहिर कर चुके हैं।


बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स फिलहाल अंक तालिका में छठे स्थान पर चल रही है। उसने 9 में से चार मुकाबले जीते हैं। बीते दिनों दिल्ली ने गुजरात को रोमांचक मुकाबले में हरा दिया था। अब उनके आगामी मुकाबले मुंबई, कोलकाता, राजस्थान, बेंगलुरु और लखनऊ से होने हैं। उन्हें प्लेऑफ में जाने के लिए सभी मुकाबलों में जीतना जरूरी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Recommended News

Related News