CSK vs SRH : धोनी का 400वां मैच भी जीत नहीं पाई चेन्नई, हैदराबाद ने 5 विकेट से हराया

punjabkesari.in Friday, Apr 25, 2025 - 11:16 PM (IST)

खेल डैस्क : घरेलू मैदान एमए चिंदबरम स्टेडियम में 400वां ट्वंटी 20 मुकाबला खेलने उतरे महेंद्र सिंह धोनी जीत के साथ इस उपलब्धि को यादगार नहीं बना पाए। हैदराबाद ने उक्त मुकाबले में 5 विकेट से जीत हासिल की है जोकि सीजन की उनकी मात्र तीसरी ही जीत है। वहीं, चेन्नई 7 हार के बाद प्लेआफ  की रेस से लगभग बाहर हो गई है। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। चेन्नई के लिए आयुष म्हात्रे ने 30, डेवाल्ड ब्रेविस ने 42 रन बनाकर स्कोर 154 तक पहुंचाया। जवाब में अभिषेक, ट्रेविस, क्लासेन के विफल होने के बाद ईशान किशन (44) ने टीम को सहयोग दिया। मध्यक्रम में कामिंदु मेंडिस और नीतीश कुमार रेड्डी ने शानदार प्रदर्शन किया और हैदराबाद की जीत का राह आसान कर दिया। हैदराबाद ने पहली बार चेन्नई को उनके घर पर हराया है।
 

 


रोमांचक आंकड़े : धोनी ने बनाया रिकॉर्ड

0 रही छक्कों की संख्या दोनों टीमों के पावरप्ले के दौरान, आईपीएल 2025 में ऐसा पहली बार हुआ है
4 बार आईपीएल इतिहास में पहली ही गेंद पर विकेट ले चुके हैं मोहम्मद शमी
10वीं बार आईपीएल मुकाबले में ऑलआऊट हो गई चेन्नई सुपर किंग्स, चेपॉक में ऐसा 3 बार हो चुका
21वीं वाइड (147 गेंदों में) आईपीएल 2025 में मथीशा पथिराना फेंक चुके हैं। शार्दुल ठाकुर की बराबरी
400 ट्वंटी 20 मुकाबले हो चुके हैं महेंद्र सिंह धोनी के, भारत के लिए चौथे सबसे ज्यादा

 

 

अंक तालिका : हैदराबाद की तीसरी जीत, 8वें स्थान पर

हैदराबाद ने आखिरकार दो हार के बाद जीत का स्वाद चख ही लिया। सीजन की शुरूआत राजस्थान को 44 रन से हराकर करने वाली हैदराबाद ने इसके बाद लगातार चार मैच गंवाए थे। पंजाब के खिलाफ जीत के बाद मुंबई से लगातार दो मैच गंवाने के बाद उन्होंने अब चेन्नई पर जीत हासिल की है। हैदराबाद इस जीत के साथ ही 8वें स्थान पर आ गई है। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स अपनी 7वीं हार के साथ प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हो गई है। चेन्नई ने इस सीजन में सिर्फ मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स को ही हराया  है। उन्हें आरसीबी, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, कोलकाता, मुंबई और अब हैदराबाद से हार झेलनी पड़ी है।

 

यह भी पढ़ें:-  महेंद्र सिंह धोनी के 400 ट्वंटी 20 मैच पूरे, देखें किन क्रिकेटर्स ने छुआ है ये आंकड़ा

 

 

यह भी पढ़ें:-  CSK vs SRH : पहली गेंद पर विकेट, शमी चोटिल न होते तो बनता यह अनोखा रिकॉर्ड

 

 

यह भी पढ़ें:- CSK vs SRH : रविंद्र जडेजा की चालाकी अंपायर ने पकड़ी, गलत बैट लेकर आए थे, बदलवाया

 

 

चेन्नई सुपर किंग्स 154-10 (20 ओवर)

शेख रशीद और आयुष म्हात्रे चेन्नई के लिए ओपनिंग पर आए। वह आईपीएल में ओपनिंग करने वाली दूसरी सबसे युवा जोड़ी बनी। लेकिन शेख पहली ही गेंद पर बोल्ड हो गए। सैम कुरेन महज 9 रन ही बना पाए। म्हात्रे ने 6 चौके लगाए लेकिन 19 गेंदों पर 30 रन बनाकर आऊट हो गए। इसके बाद रविंद्र जडेजा और देवाल्ड ब्रेविस क्रीज पर आए स्कोर 50 पार करवाया। जडेजा अच्छे टच में दिख  रहे थे लेकिन 10वें ओवर में कुमांदु मेंडिस की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने जलवा दिखाया। उन्होंने जोरदार हिटिंग की और चार छक्के लगाते हुए 25 गेंदों पर 42 रन बनाए। इसके बाद शिवम दुबे 9 गेंदों पर 12 रन बनाकर आऊट हो गए। क्रीज पर धोनी के साथ दीपक हुड्डा जमे रहे। धोनी 10 गेंदों पर 6 रन बनाकर हर्षल पटेल का शिकार हो गए। इसके बाद कमिंस ने अंशुल कंबोज को पवेलियन भेजकर चेन्नई को 8वां झटका दिया। हर्शल ने नूर अहमद को आऊट कर अपना चौथा विकेट लिया। अंत के ओवरों में दीपक हुड्डा ने उपयोगी पारी खेलकर चेन्नई का स्कोर 154 तक पहुंचा दिया।

 

सनराइजर्स हैदराबाद 155-5 (18.4 ओवर)

हैदराबाद के लिए ओपनर अभिषेक शर्मा फिर विफल रहे। वह पहली ही ओवर में 0 पर खलील अहमद का शिकार हो गए। ट्रेविस हेड ने कुछ शॉट लगाए लेकिन उन्हें अंशुल कंबोज ने बोल्ड कर दिया। हेड 19 रन ही बना पाए। इस दौरान ईशान किशन क्रीज पर जमते हुए नजर आए और टीम का स्कोर 8 ओवर में 50 पार करवाया। 9वें ओवर की पहली गेंद पर जडेजा  ने क्लासेन को 7 रन पर आऊट कर हैदराबाद को तीसरा झटका दे दिया। ईशान किशन ने स्कोर तेजी से आगे बढ़ाया। उन्होंने नूर अहमद की गेंद पर आऊट होने से पहले 34 गेंदों पर 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 44 रन बनाए। इसके बाद अनिकेत वर्मा ने क्रीज संभाल ली। अनिकेत जब 19 गेंदों पर 19 रन बनाकर आऊट हो गए तो कुमिंदु मेंडिस ने नीतीश रेड्डी के साथ मिलकर टीम को 19वें ओवर में जीत दिला दी। मेंडिस ने 32 तो नीतीश ने 19 रन बनाए और टीम को 5 विकेट से जीत दिला दी।  
 

 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

सनराइजर्स हैदराबाद : अभिषेक शर्मा, इशान किशन, नितीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासेन (डब्ल्यू), अनिकेत वर्मा, कामिंडु मेंडिस, पैट कमिंस (सी), हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी, मोहम्मद शमी

इम्पैक्ट सब : ट्रैविस हेड, अभिनव मनोहर, सचिन बेबी, राहुल चाहर, वियान मुल्डर

चेन्नई सुपर किंग्स : शेख रशीद, आयुष म्हात्रे, दीपक हुडा, सैम कुरेन, रवींद्र जड़ेजा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, एमएस धोनी (विकेटकीपर/कप्तान), नूर अहमद, खलील अहमद, मथीशा पथिराना

इम्पैक्ट सब : अंशुल कंबोज, रविचंद्रन अश्विन, कमलेश नागरकोटी, रामकृष्ण घोष, जेमी ओवरटन


 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Related News