ईरानी ट्रॉफी : विदर्भ के 342 रन, शेष भारत को रजत पाटीदार का सहारा

punjabkesari.in Thursday, Oct 02, 2025 - 06:35 PM (IST)

नागपुर : आकाश दीप और मानव सुथार (3-3 विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत शेष भारत ने गुरुवार को विदर्भ को पहली पारी में 342 के स्कोर पर रोकने के बाद अभिमन्यु ईश्वरन (52) और रजत पाटीदार (नाबाद 42) रनों की पारियों के दम पर स्टंप्स के समय पांच विकेट पर 142 रन बना लिए है। 

बल्लेबाजी करने उतरी शेष भारत के लिए अभिमन्यु ईश्वरन और आर्यन जुयाल की जोड़ी ने पहली पारी के लिए 52 रन जोड़े। 20वें ओवर में दर्शन नालकंडे ने आर्यन जुयाल को पगबाधा आउटकर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद यश ढुल 11 रन बनाकर आउट हुये। शेष भारत का तीसरा विकेट अभिमन्यु ईश्वरन के रूप में गिरा। उन्हें पार्थ ने पगबाधा आउट किया। अभिमन्यु ईश्वर ने 112 गेंदों में छह चौके लगाते हुए 52 रन बनाए। ऋतुराज गायकवाड़ (9) और ईशान किशन (एक) रन बनाकर आउट हुए। 

दिन का खेल समाप्त होने के समय शेष भारत ने 5 विकेट पर 142 रन बना लिये है। रजत पाटीदार नाबाद 42 और मानव सुथार नाबाद एक रन क्रीज पर मौजूद है। हालांकि वह विदर्भ के बनाये गये स्कोर से 200 रन पीछे है। विदर्भ के लिए पार्थ रेखड़े ने दो विकेट लिये। दर्शन नालकंडे, हर्ष दुबे, यश ठाकुर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले विदर्भ ने कल के पांच विकेट पर 280 रन से आगे खेलना शुरु किया। 

विदर्भ का छठा विकेट 249 के स्कोर पर यश ठाकुर (11) के रूप में गिरा। इसके बाद हर्ष दुबे (शून्य) और दर्शन नालकंडे 20 रन बनाकर आउट हुए। सारांश जैन ने 99वें ओवर में अथर्व तायडे को आउटकर शेष भारत को बड़ी सफलता दिलाई। अथर्व तायडे ने 283 गेंदों में 15 चौके और एक छक्का लगाते हुए 143 रनों की पारी खेली। इसके बाद सारांश जैन ने आदित्य ठाकरे (दो) को आउटकर विदर्भ की पारी का 101.4 ओवर में 342 के स्कोर पर अंत कर दिया। शेष भारत के लिए आकाश दीप और मानव सुथार ने (तीन-तीन) विकेट लिए। सारांश जैन को दो विकेट मिले। अंशुल कम्बोज और गुरनूर बरार ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News