IND vs PAK : ईशान किशन का कोलंबो में कहर, मैच के बाद पाकिस्तानी प्रमुख तेज गेंदबाज पर कसा तंज

punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 10:13 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर ग्रुप-ए से सुपर-8 में पहुंचने वाली पहली टीम बनने का गौरव हासिल किया। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175/7 का स्कोर खड़ा किया, जवाब में पाकिस्तान 114 रन पर सिमट गया।

ईशान किशन का तूफानी प्रदर्शन

अभिषेक शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद ईशान किशन ने पारी संभाली और 40 गेंदों में 77 रन की विस्फोटक पारी खेली। मुश्किल पिच पर खेली गई इस पारी में उन्होंने आक्रामक अंदाज दिखाते हुए भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

ईशान ने मैच के बाद कहा कि शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजी आसान नहीं थी, लेकिन उनके दिमाग में 160-170 रन का लक्ष्य था, जो इस पिच पर प्रतिस्पर्धी स्कोर साबित हो सकता था।

शाहीन अफरीदी पर परोक्ष तंज

पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में ईशान किशन ने पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी पर परोक्ष रूप से तंज कसा। शाहीन ने केवल दो ओवर फेंके, जिसमें उन्होंने 31 रन दिए और एक विकेट हासिल किया।

ईशान ने कहा, 'जब शाहीन गेंदबाजी कर रहे थे तो मुझे नहीं लगा कि गेंद तेज गेंदबाजों के लिए ज्यादा कुछ कर रही थी, लेकिन बुमराह और हार्दिक ने जिन दो ओवरों में गेंदबाजी की, वह शानदार थी।'

गेंदबाजों का क्लीनिकल प्रदर्शन

ईशान की पारी के बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच पूरी तरह अपने नाम कर लिया। पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ढेर हो गई।

जसप्रीत बुमराह (2/17) और अक्षर पटेल (2/19) भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे। तेज और स्पिन दोनों आक्रमण ने समय-समय पर विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी को ध्वस्त कर दिया। यह टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की नौ मुकाबलों में आठवीं जीत रही।

अगला मुकाबला

भारत अब 18 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अपने अंतिम ग्रुप मुकाबले में नीदरलैंड्स का सामना करेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News