IND vs ENG: वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद जोफ्रा आर्चर का बड़ा बयान, ''सबसे बेहतर खिलाड़ी ही जीतेगा''
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 12:20 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : इंग्लैंड ने ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में भारत को 125 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। इस मुकाबले में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने नई गेंद से कहर बरपाते हुए 3 विकेट झटके और भारत की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। मैच के बाद आर्चर ने अपने आईपीएल साथी वैभव सूर्यवंशी को लेकर दिलचस्प बयान दिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
'फिलहाल मुकाबला बराबरी पर है, देखते हैं कौन जीतता है'
पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब आर्चर से राजस्थान रॉयल्स के उनके साथी वैभव सूर्यवंशी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'अभी तो मुकाबला बराबरी पर है। हमारे बीच अभी दो मैच और बाकी हैं, इसलिए कुछ भी हो सकता है। आखिर में सबसे बेहतर खिलाड़ी ही जीते।' आर्चर का यह बयान दोनों खिलाड़ियों के बीच मैदान पर चल रही दिलचस्प टक्कर को और रोमांचक बना गया है।
तीसरे टी20 में आर्चर ने सूर्यवंशी को ऐसे किया आउट
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी की शुरुआत शानदार अंदाज में की और पहले चार गेंदों में दो छक्के जड़ दिए। इनमें से एक छक्का उन्होंने जोफ्रा आर्चर की गेंद पर भी लगाया। हालांकि आर्चर ने जल्द ही वापसी करते हुए शॉर्ट गेंद से उन्हें फंसा लिया। पुल शॉट खेलने की कोशिश में सूर्यवंशी के बल्ले का हल्का किनारा लगा और विकेटकीपर ने आसान कैच पकड़ लिया। सूर्यवंशी 5 गेंदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
आईपीएल से इंग्लैंड तक जारी है दोनों की दिलचस्प जंग
आईपीएल 2026 के दौरान राजस्थान रॉयल्स के नेट्स में वैभव सूर्यवंशी और जोफ्रा आर्चर की भिड़ंत अक्सर चर्चा में रहती थी। टीम ने कई वीडियो भी साझा किए थे, जिनमें युवा बल्लेबाज आर्चर की गेंदों पर बड़े-बड़े शॉट लगाते नजर आए थे। उस दौरान जब आर्चर से पूछा गया था कि वह वैभव को कैसे आउट करेंगे, तो उन्होंने जवाब देने से इनकार करते हुए कहा था कि "आईपीएल के बाद दिखाऊंगा।" ट्रेंट ब्रिज में उन्होंने वही वादा पूरा कर दिया।
इंग्लैंड की परिस्थितियों में अलग होती है गेंदबाजी: आर्चर
आर्चर ने इंग्लैंड और आईपीएल की परिस्थितियों का भी अंतर बताया। उन्होंने कहा, 'यहां चीजें सामान्य हो जाती हैं। आप सीधी लाइन और अच्छी लेंथ पर गेंदबाजी करते हैं। आईपीएल में विकेट बल्लेबाजों के लिए आसान होते हैं और बाउंड्री भी छोटी होती है, इसलिए वहां गलती की गुंजाइश बहुत कम रहती है। इंग्लैंड में अच्छी लेंथ पर गेंदबाजी करने से ज्यादा मदद मिलती है।'
अब ब्रिस्टल में फिर होगी भिड़ंत
इंग्लैंड ने तीसरा टी20 जीतकर सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली है। अब दोनों टीमें 9 जुलाई को ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में चौथे टी20 में आमने-सामने होंगी। ऐसे में एक बार फिर सभी की नजरें जोफ्रा आर्चर और वैभव सूर्यवंशी की इस रोमांचक भिड़ंत पर होंगी।

