जन्मदिन विशेष : ऐसे ही क्रिकेट के ‘किंग’ नहीं कहलाते विराट कोहली, ये ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स हैं गवाह
punjabkesari.in Wednesday, Nov 05, 2025 - 11:46 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट के सबसे चमकते सितारों में से एक विराट कोहली आज (5 नवंबर) अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं। दिल्ली में जन्मे इस बल्लेबाज ने अपने जुनून, आक्रामकता और निरंतरता से क्रिकेट जगत में एक अलग पहचान बनाई है। चाहे रन बनाना हो या टीम की अगुवाई करना, कोहली ने हर भूमिका में उत्कृष्टता दिखाई है। कोहली ऐसे ही क्रिकेट के किंग नहीं कहलाते, उनके नाम कई ऐसे रिकॉर्ड हैं जो आज भी नए खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। आइए नजर डालते हैं विराट कोहली के तीन ऐतिहासिक और यादगार रिकॉर्ड्स पर।
1. भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल टेस्ट कप्तान
विराट कोहली भारतीय क्रिकेट इतिहास में सबसे ज़्यादा टेस्ट जीत दर्ज करने वाले कप्तान हैं। उन्होंने 68 टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी करते हुए 40 जीत हासिल कीं जो किसी भी भारतीय कप्तान से अधिक है।
विराट ने 2014-15 ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एम.एस. धोनी की अनुपस्थिति में पहली बार टेस्ट कप्तानी संभाली और जल्द ही टीम के स्थायी कप्तान बने। उनके नेतृत्व में भारत ने घरेलू सरजमीं पर किसी भी टीम के खिलाफ एक भी टेस्ट सीरीज़ नहीं हारी। उनकी कप्तानी में टीम ने केवल दो घरेलू टेस्ट गंवाए।
उनकी आक्रामक सोच, फिटनेस पर जोर और जीत की भूख ने भारतीय टेस्ट टीम को एक नई पहचान दी। हालांकि, 2022 में दक्षिण अफ्रीका सीरीज़ हारने के बाद कोहली ने कप्तानी छोड़ दी, लेकिन उनकी विरासत कायम रही।
2. वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 10,000 रन
विराट कोहली को अक्सर “रन मशीन” कहा जाता है, और इसका कारण है उनका अविश्वसनीय निरंतर प्रदर्शन। उन्होंने वनडे क्रिकेट में सिर्फ 205 पारियों में 10,000 रन पूरे करके एक नया इतिहास रचा। इस उपलब्धि से उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने यह मुकाम 259 पारियों में हासिल किया था। अक्टूबर 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज़ में कोहली ने यह कारनामा कर दिखाया।
आज उनके नाम वनडे में 14,255 रन दर्ज हैं, जिससे वे सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उनकी बल्लेबाजी तकनीक, रन चेज़ करने की क्षमता और दबाव में संयम उन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में शामिल करती है।
3. ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतने वाले पहले एशियाई कप्तान
विराट कोहली ने 2018-19 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतकर इतिहास रच दिया। यह पहली बार था जब किसी एशियाई कप्तान ने ऑस्ट्रेलियाई धरती पर टेस्ट सीरीज़ जीती। भारत ने चार मैचों की सीरीज़ 2-1 से अपने नाम की।
यह जीत भारतीय क्रिकेट के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया को घर पर हराना हमेशा से कठिन माना जाता रहा है। विराट की रणनीतिक सोच, तेज़ गेंदबाजों पर भरोसा और टीम की एकजुटता ने भारत को यह ऐतिहासिक सफलता दिलाई। बाद में 2020-21 में अजिंक्य रहाणे ने भी ऑस्ट्रेलिया में जीत दोहराई, लेकिन कोहली वह कप्तान हैं जिन्होंने रास्ता दिखाया।

