PSL छोड़ IPL जाने पर घिरे कुसल मेंडिस, पत्रकार के सवाल पर रह गए चुप; Video

punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 01:26 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : पेशावर जाल्मी के विकेटकीपर-बल्लेबाज कुसल मेंडिस उस समय असहज स्थिति में आ गए, जब एक पाकिस्तानी पत्रकार ने उनसे PSL छोड़कर IPL में जाने को लेकर सवाल पूछ लिया। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूछे गए इस सवाल ने माहौल को अचानक गंभीर बना दिया और मेंडिस कुछ पल के लिए पूरी तरह चुप नजर आए।

क्या था पूरा सवाल?

पत्रकार ने मेंडिस से पूछा कि क्या उन्हें PSL छोड़कर गुजरात टाइटंस के लिए खेलने का कोई पछतावा है। उन्होंने यह भी कहा कि PSL ने उन्हें सम्मान दिया, लेकिन उन्होंने बीच सीजन में लीग छोड़ दी। ऐसे में क्या अब उन्हें अपने फैसले पर अफसोस है?

मेंडिस का रिएक्शन

इस सवाल पर कुसल मेंडिस हैरान रह गए और कोई जवाब नहीं दे सके। वह पहले मुस्कुराए, फिर टीम के मीडिया मैनेजर की ओर देखने लगे। उनकी बॉडी लैंग्वेज से साफ था कि वह इस सवाल से असहज महसूस कर रहे थे।

मैनेजर ने किया बचाव

स्थिति को संभालने के लिए टीम के मीडिया मैनेजर को बीच में आना पड़ा। उन्होंने पत्रकार से कहा कि सवाल PSL और टीम से जुड़े होने चाहिए, लेकिन पत्रकार ने इसे प्रासंगिक बताते हुए अपने सवाल पर जोर दिया। इससे माहौल और ज्यादा असहज हो गया।

IPL और PSL में मेंडिस का प्रदर्शन

कुसल मेंडिस ने IPL में गुजरात टाइटंस के लिए एक मैच खेला, जिसमें उन्होंने 10 गेंदों पर 20 रन बनाए। वहीं PSL में इस सीजन उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने 4 पारियों में 241 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। उनकी स्ट्राइक रेट 170 से ज्यादा रही है।

PSL से IPL जाने वाले अन्य खिलाड़ी

पिछले सीजन में मेंडिस के अलावा भी कई खिलाड़ियों ने PSL छोड़कर IPL का रुख किया था। इनमें ब्लेसिंग मुजरबानी, दासुन शनाका, स्पेंसर जॉनसन और कॉर्बिन बॉश जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने अलग-अलग फ्रेंचाइजी के लिए IPL में हिस्सा लिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News