एल.आर. श्रीहरी बने भारत के 86वें शतरंज ग्रैंडमास्टर

punjabkesari.in Wednesday, May 21, 2025 - 10:17 PM (IST)

चेन्नई, ( निकलेश जैन ) भारत के 19 वर्षीय एल.आर. श्रीहरी ने एशियन शतरंज चैंपियनशिप 2025 में अपना अंतिम ग्रैंडमास्टर नॉर्म हासिल कर भारत के 86वें ग्रैंडमास्टर बनने का गौरव प्राप्त किया है । यह उपलब्धि उन्होंने 15 मई 2025 को अल ऐन, यूएई में आयोजित प्रतियोगिता में प्राप्त की।

श्रीहरी की शतरंज में रुचि उनके पिता रवि और दादी के बीच खेले गए खेल से उत्पन्न हुई। वह पिछले दो वर्षों से ग्रैंडमास्टर श्याम सुंदर एम के साथ प्रशिक्षण ले रहे हैं।

श्रीहरी ने अपना पहला ग्रैंडमास्टर नॉर्म अगस्त 2023 में हंगरी के बुडापेस्ट में आयोजित ग्रांड मास्टर टूर्नामेंट में प्राप्त किया था जबकि दूसरा नॉर्म उन्होंने अक्टूबर 2023 में कतर मास्टर्स में हासिल किया, जहाँ उन्होंने विश्व नंबर 1 मैग्नस कार्लसन से हारने के बाद भी 5.5/9 का स्कोर किया। तीसरा और अंतिम नॉर्म उन्होंने मई 2025 में एशियन चैंपियनशिप में प्राप्त किया, जहाँ उन्होंने ग्रैंडमास्टर अभिजीत गुप्ता और प्रणव वी को हराया 

श्रीहरी की यात्रा आसान नहीं थी। दुबई ओपन 2024 में अंतिम राउंड में एक जीत से चूकने के बाद, उन्हें एक साल तक अंतिम नॉर्म का इंतजार करना पड़ा। 

मई 2025 तक ग्रांडमास्टरों की संख्या के आधार पर भारत 86 ग्रांडमास्टरों के साथ दुनिया में पाँचवें स्थान पर है, जबकि पहले चार स्थानों पर क्रमशः रूस (256), अमेरिका (101), जर्मनी (96) और यूक्रेन (93) हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Niklesh Jain

Related News