सनराइजर्स में पाकिस्तानी खिलाड़ी की एंट्री पर विवाद, ललित मोदी ने दिया कड़ा संदेश

punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 12:29 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : इंग्लैंड की लीग द हंड्रेड के ऑक्शन में सनराइजर्स द्वारा पाकिस्तानी खिलाड़ी अबरार अहमद को खरीदने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस पूरे मामले पर अब पूर्व IPL चेयरमैन ललित मोदी का भी बयान सामने आया है, जिसने बहस को और तेज कर दिया है।

ऑक्शन में हुई बड़ी डील

सनराइजर्स की मालकिन काव्या मारन की टीम ने अबरार अहमद को 1.90 लाख पाउंड (करीब 2.34 करोड़ रुपये) में खरीदा। यह ऑक्शन लंदन में आयोजित हुआ था। इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और फैंस के बीच इस मुद्दे पर जबरदस्त बहस छिड़ गई।

सोशल मीडिया पर बवाल

इस डील के बाद सनराइजर्स लीड्स का X (ट्विटर) अकाउंट भी कुछ समय के लिए सस्पेंड हो गया। भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट संबंधों को देखते हुए यह मामला और ज्यादा संवेदनशील बन गया, क्योंकि IPL में पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर लंबे समय से रोक लगी हुई है।

IPL में क्यों नहीं खेलते पाकिस्तानी खिलाड़ी?

साल 2008 के पहले सीजन में पाकिस्तानी खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग का हिस्सा थे, लेकिन मुंबई आतंकी हमला 2008 के बाद उन्हें लीग से बाहर कर दिया गया। इसके बाद से भारतीय फ्रेंचाइज़ी आमतौर पर विदेशी लीग्स में भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों को चुनने से बचती रही हैं, लेकिन इस बार सनराइजर्स ने अलग रास्ता अपनाया।

ललित मोदी का तंज

पूरा विवाद बढ़ने के बाद ललित मोदी ने सोशल मीडिया पर बिना नाम लिए बड़ा तंज कसा। उन्होंने लिखा कि जब फैंस पहले से नाराज हैं, तब एक पाकिस्तानी खिलाड़ी पर करोड़ों खर्च करना समझदारी नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें “ऑप्टिक्स मैनेज करने और साम्राज्य बनाने” का अनुभव है और जरूरत पड़े तो उनसे संपर्क किया जा सकता है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन रकम और संदर्भ से साफ था कि उनका इशारा इसी डील की ओर था।

ललित मोदी पर पुराने आरोप

ललित मोदी लंबे समय से भारत से बाहर रह रहे हैं और उन पर टैक्स चोरी, मनी लॉन्ड्रिंग और IPL से जुड़े वित्तीय गड़बड़ियों के आरोप लग चुके हैं। बताया जाता है कि 2009 में IPL के ब्रॉडकास्ट राइट्स देने में अनियमितताएं हुई थीं, जिसके बदले कथित तौर पर बड़ी रकम ली गई थी।

पहले भी दे चुके हैं माफी

दिसंबर 2025 में ललित मोदी ने एक वायरल वीडियो के बाद भारतीय सरकार से माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि अगर उनके बयान से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो उन्हें खेद है और उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News