एंटीगा की खतरनाक पिच के कारण मैच रद्द, बल्लेबाज अस्पताल में भर्ती

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 05:39 PM (IST)

एंटीगा : वेस्टइंडीज में एक घरेलू मैच को खतरनाक पिच के कारण रद्द कर दिया गया है। यह फैसला तब लिया गया जब बल्लेबाज जेरेमिया लुइस के हेलमेट पर गेंद लगी। लीवार्ड आइलैंड्स के लुइस को संभावित ‘कनकशन' (सिर में चोट) के बाद अस्पताल ले जाया गया। यह घटना मैच के तीसरे दिन के पहले सत्र में हुई, जब त्रिनिदाद और टोबैगो तथा वेस्ट इंडीज के तेज गेंदबाज जेडन सील्स की एक‘लेंथ बॉल'अचानक उछली और लुइस के सिर के किनारे पर जा लगी। 

बीबीसी स्पोर्ट के अनुसार लुइस ज़मीन पर गिर पड़े। उन्होंने अपना हेलमेट उतारा और गुस्से में जमीन पर हाथ पटका। इसके बाद उन्होंने अपने हेलमेट को ‘शॉर्ट-लेग' पर खड़े फील्डर की दिशा में लात मारी और पवेलियन की ओर चले गए। क्रिकेट वेस्टइंडीज के एक बयान में कहा गया है कि लुइस की हालत स्थिर है। बयान में आगे कहा गया कि एंटीगा के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जा रहा यह मैच इसलिए रद्द कर दिया गया, क्योंकि पिच का बर्ताव 'अप्रत्याशित और असमान' था, जिससे खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई थीं। 

बयान में यह भी जोड़ा गया, 'क्यूरेटर के साथ चर्चा के बाद, यह तय किया गया कि पिच को बिना किसी टीम को अनुचित लाभ दिए सुरक्षित रूप से ठीक नहीं किया जा सकता था। इसलिए, इसे मैच दोबारा शुरू करने के लिए अनुपयुक्त माना गया। इसके परिणामस्वरूप, मैच को‘ड्रॉ'घोषित करते हुए रद्द कर दिया गया।' 

मैच रद्द होने से पहले सील्स ने सभी 7 विकेट चटकाए थे, जिससे लीवार्ड आइलैंड्स का स्कोर 140 रन पर 7 विकेट हो गया था। यह स्टेडियम, जहां नियमित रूप से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेले जाते हैं, 17 मई से इस टूर्नामेंट (वेस्टइंडीज की घरेलू प्रथम श्रेणी प्रतियोगिता) के फाइनल की मेजबानी करने वाला है। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने कहा, 'एक सुरक्षित और प्रतिस्पर्धी पिच तैयार करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन और विशेषज्ञता का उपयोग किया जाएगा।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News