आमंत्रित न किए जाने पर नेता जी को आया गुस्सा, मैच के दौरान पिच पर चला दिया ट्रैक्टर (Video)

punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 03:08 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही थी जिसमें मैच के दौरान पिच पर व्यक्ति द्वारा ट्रैक्टर चलाकर उसे खराब कर दिया जाता है। ताजा जानकारी यह घटना महाराष्ट्र के जलगांव जिले की है जहां एक क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान स्थानीय नेता को आमंत्रित नहीं किया गया और उन्होंने पिच पर ट्रैक्टर चला दिया और पिच को बर्बाद कर दिया। 

यह घटना 12 अप्रैल को मुंबई से 400 किलोमीटर से ज्यादा दूर स्थित धरनगांव में 'MLA ट्रॉफी' क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच के दौरान हुई। कार्यक्रम में आमंत्रित न किए जाने से नाराज नेता जी ने पिच पर ट्रैक्टर चला दिया था। PTI की एक रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि वह नेता जो धरनगांव नगर परिषद का अध्यक्ष भी है, आयोजकों द्वारा इस कार्यक्रम में आमंत्रित न किए जाने से नाराज था। 

जैसे-जैसे हालात तेजी से बिगड़े, खिलाड़ी, आयोजक और दर्शक सभी हक्के-बक्के रह गए। एक अधिकारी ने कहा, 'परिषद अध्यक्ष ने गुस्से में आकर यह कदम उठाया।' खेलने के लिए असुरक्षित हालात होने के कारण मैच को तुरंत रद्द कर दिया गया जिससे धरनगांव और आस-पास के गांवों से आई टीमों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गईं। अधिकारी ने बताया कि स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को काबू में कर लिया। अधिकारी ने आगे बताया कि कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई, क्योंकि आयोजकों ने इस मामले को और आगे न बढ़ाने का फैसला किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News