मुंबई क्रिकेट का बड़ा ऐलान, वानखेड़े में रवि शास्त्री के नाम होगा स्टैंड

punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 11:59 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने मुंबई और भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों को सम्मानित करने का बड़ा फैसला लिया है। मुंबई के प्रतिष्ठित Wankhede Stadium में एक स्टैंड का नाम पूर्व भारतीय ऑलराउंडर रवि शास्त्री के नाम पर रखा जाएगा। इसके साथ ही स्टेडियम के तीन गेट भी शहर के महान क्रिकेटरों के नाम पर समर्पित किए जाएंगे।

लेवल-1 स्टैंड अब होगा रवि शास्त्री के नाम

MCA ने पुष्टि की है कि प्रेस बॉक्स के नीचे स्थित लेवल-1 स्टैंड का नाम रवि शास्त्री के नाम पर रखा जाएगा। यह फैसला मुंबई में हुई एपेक्स काउंसिल की बैठक में लिया गया। शास्त्री को यह सम्मान उनके खिलाड़ी, कप्तान, कोच और कमेंटेटर के रूप में भारतीय क्रिकेट में दिए गए योगदान के लिए दिया जा रहा है।

इन दिग्गजों के नाम होंगे स्टेडियम के गेट

रवि शास्त्री के अलावा, तीन अन्य महान खिलाड़ियों को भी विशेष सम्मान दिया जाएगा: 

-गेट नंबर 3 का नाम Dilip Sardesai के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने 30 टेस्ट मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और 1960-61 से 1972-73 के बीच 179 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले।

-गेट नंबर 5 समर्पित होगा Diana Edulji को, जो भारतीय महिला क्रिकेट की अग्रणी खिलाड़ियों में से एक रहीं। उन्होंने 20 टेस्ट और 34 वनडे मैच खेले।

-गेट नंबर 6 का नाम Eknath Solkar के नाम पर रखा जाएगा, जो अपने दौर के बेहतरीन ऑलराउंडर और क्लोज-इन फील्डर माने जाते थे। उन्होंने भारत के लिए 27 टेस्ट और 7 वनडे खेले।

MCA अध्यक्ष का बयान

MCA अध्यक्ष अजींक्य नाइक ने कहा कि मुंबई क्रिकेट इन दिग्गजों की मजबूत नींव पर खड़ा है। उन्होंने कहा, 'मुंबई क्रिकेट हमारे महान खिलाड़ियों की विरासत पर आधारित है। शहर और देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करना हमारी जिम्मेदारी है। रवि शास्त्री के नाम पर स्टैंड रखना उनके विशाल योगदान को श्रद्धांजलि है।' 

'इसी तरह सरदेसाई, सोलकर और एडुल्जी के नाम पर गेट समर्पित करने से हर दर्शक को स्टेडियम में प्रवेश करते समय हमारी गौरवशाली क्रिकेट विरासत की याद आएगी। यह फैसला हमारे अतीत को सम्मान देने और भविष्य की पीढ़ियों को प्रेरित करने की दिशा में एक कदम है।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News