टी20 वर्ल्ड कप : ''मेरा काम सुपरस्टार नहीं, सुपर टीम बनाना है'', टी20 वर्ल्ड कप जीत पर बोले कोच गंभीर

punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 02:47 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : टीम इंडिया ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ भारत तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम बन गया और साथ ही टाइटल डिफेंड करने वाला पहला देश भी बन गया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने अपनी कोचिंग फिलॉसफी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य टीम में सुपरस्टार बनाना नहीं बल्कि एक मजबूत सुपर टीम तैयार करना है।

‘मीडिया सुपरस्टार बनाता है, मेरा काम सुपर टीम बनाना’

गौतम गंभीर ने कहा कि मीडिया अक्सर खिलाड़ियों को सुपरस्टार बनाने की कोशिश करता है, लेकिन एक कोच के तौर पर उनका फोकस पूरी टीम को मजबूत बनाना है। गंभीर ने कहा, 'मीडिया सुपरस्टार बनाना चाहता है, लेकिन मेरा काम सुपर टीम बनाना है। मैं अपने काम को इसी नजरिए से देखता हूं। ड्रेसिंग रूम में मौजूद 15 खिलाड़ी मेरे लिए बिल्कुल बराबर हैं और मैं सभी के साथ समान व्यवहार करता हूं।'

‘सोशल मीडिया और टीआरपी से नहीं पड़ता फर्क’

गंभीर ने साफ कहा कि वह खिलाड़ियों का आकलन उनके सोशल मीडिया फॉलोअर्स, टीआरपी या लोकप्रियता के आधार पर नहीं करते। उन्होंने कहा कि उनके लिए सिर्फ यह मायने रखता है कि खिलाड़ी टीम और देश के लिए क्या योगदान दे रहा है।

गंभीर के मुताबिक, 'मैं यह नहीं देखता कि खिलाड़ी ने कितने रन बनाए हैं या उसके कितने फॉलोअर्स हैं। मैं सिर्फ यह देखता हूं कि वह टीम और देश के लिए क्या लेकर आता है।'

टीम इंडिया में खत्म हो रही ‘सुपरस्टार कल्चर’

गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद टीम इंडिया में सुपरस्टार कल्चर से हटकर टीम-फर्स्ट अप्रोच देखने को मिल रही है।2025 के पहले आधे हिस्से में लंबे समय से टीम के स्तंभ रहे रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद कई बड़े खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में भी खेलते नजर आए ताकि अपनी फॉर्म और फिटनेस बनाए रख सकें।

बड़े खिलाड़ी भी घरेलू क्रिकेट में दिखे

हाल के समय में टीम इंडिया के कई स्टार खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में भी खेलते नजर आए। इनमें रोहित शर्मा, विराट कोहली (अब सिर्फ वनडे खिलाड़ी), ऋषभ पंत, केएल राहुल, शुभमन गिल, हार्दिक पांड्या और अभिषेक शर्मा जैसे नाम शामिल हैं।गंभीर का मानना है कि घरेलू क्रिकेट खेलने से खिलाड़ियों की मैच फिटनेस और फॉर्म बेहतर रहती है, जो टीम के लिए फायदेमंद है।

गंभीर का लक्ष्य: मजबूत टीम बनाना

गौतम गंभीर ने कहा कि उनका पूरा ध्यान एक ऐसी टीम तैयार करने पर है जो लंबे समय तक लगातार अच्छा प्रदर्शन कर सके।उन्होंने उम्मीद जताई कि अपने कार्यकाल के अंत तक वह टीम इंडिया को एक सुपर टीम में बदलने में सफल होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News