उज़्बेकिस्तान के अब्दुसत्तोरोव नें जीता 88वाँ टाटा स्टील शतरंज

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 10:31 PM (IST)

विज्क आन जी , नीदरलैंड ( निकलेश जैन ) शतरंज का विम्बलडन कहे जाने वाले टाटा स्टील क्लासिकल सुपर ग्रांड मास्टर्स टूर्नामेंट 2026 का खिताब उज़्बेकिस्तान के ग्रैंडमास्टर अब्दुसत्तोरोव नोदिरबेक नें अपने नाम कर लिया है , उन्होंने अंतिम राउंड में भारत के अर्जुन एरिगैसी को पराजित करते हुए बेहद शानदार अंदाज़ में 9 अंक बनाते हुए यह उपलब्धि हासिल की। अर्जुन के खिलाफ़ विश्व ब्लिट्ज शतरंज सेमी फाइनल में भी उन्होंने जीत दर्ज की थी । 

वहीं उज़्बेकिस्तान के ही जावोखीर सिंदारोव जिन्होंने कुछ दिन पहले ही भारत में विश्व कप जीता था वह 8.5 अंक बनाकर दूसरे स्थान पर रहे किसी भी सुपर ग्रैंड मास्टर टूर्नामेंट में यह उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है और फ़ीडे कैंडिडेट के ठीक पहले उनके लिए आत्मविश्वास बढ़ाने का काम करेगा . वहीं बेहतर टाईब्रेक के आधार पर जर्मनी के विंसेंट केमर तीसरे स्थान पर रहे। 

बुरे सपने के जैसे बीता भारत के टाटा स्टील : भारतीय खिलाड़ियों के लिए टाटा स्टील मास्टर्स का यह संस्करण एक बुरे सपने के जैसे बीता , विश्व चैंपियन डी गुकेश जो पिछले दो बार से उपविजेता थे इस बार 6.5 अंक बनाकर आठवे स्थान पर रहे और उन्हें छह रेटिंग अंकों का नुकसान हुआ , गुकेश की समस्या कम से कम पाँच मुकाबलों में जीती हुई बाजी को जीत में ना बदल पाने की रही प्रज्ञानन्दा 5.5 अंक बनाकर नौवे जबकि 4.5 अंक बनकर अर्जुन एरिगैसी दसवें स्थान पर रहे जबकि अरविंद चितम्बरम 4.5 अंकों के साथ ग्यारहवें स्थान पर रहे. 

आगे अर्जुन के सामने टोटल वर्ल्ड चैंपियनशिप साइकिल, गुकेश के सामने विश्व चैंपियनशिप और भारत के सामने ओलंपियाड है। उम्मीद है सभी ज़ोरदार वापसी करेंगे!


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Niklesh Jain

Related News