''आप एक चैंपियन खिलाड़ी हैं'', LSG में जाने के बाद पार्थ जिंदल का कुलदीप यादव के लिए खास मैसेज

punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 06:38 PM (IST)

नई दिल्ली : दिल्ली कैपिटल्स के को-ओनर पार्थ जिंदल ने कुलदीप यादव को भावुक विदाई दी और ऋषभ पंत का फ्रेंचाइजी में वापस स्वागत किया। यह सब तब हुआ जब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) ने 2027 सीजन से पहले दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच एक बड़े ट्रेड की पुष्टि की। इस ट्रेड के तहत विकेटकीपर-बल्लेबाज पंत दिल्ली कैपिटल्स में लौटेंगे, जहां उन्होंने अपने IPL करियर के शुरुआती 9 सीजन बिताए थे, जबकि बाएं हाथ के रिस्ट स्पिनर कुलदीप यादव DC के साथ पांच सफल सीजन के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स का रुख करेंगे। 

इस बदलाव पर प्रतिक्रिया देते हुए जिंदल ने फ्रेंचाइजी में कुलदीप के योगदान की सराहना की और भरोसा जताया कि यह स्पिनर अपनी नई टीम के साथ भी शानदार प्रदर्शन करेगा। जिंदल ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'प्रिय कुलदीप, दिल्ली कैपिटल्स में पिछले पांच वर्षों में आपकी सेवाओं के लिए धन्यवाद। आप हमारी टीम का अहम हिस्सा रहे हैं और आपकी बहुत कमी खलेगी। शुभकामनाएं, आप एक चैंपियन खिलाड़ी हैं और मुझे यकीन है कि आप अपने घरेलू मैदान पर बहुत अच्छा प्रदर्शन करेंगे।' कुलदीप दिल्ली कैपिटल्स को एक बहुत ही शानदार कार्यकाल के बाद छोड़ रहे हैं जिसमें उन्होंने 65 मैचों में 72 विकेट लिए और गेंदबाजी में टीम के सबसे भरोसेमंद मैच-विनर के तौर पर अपनी पहचान बनाई। 

जिंदल ने कैपिटल्स सेटअप में पंत का भी स्वागत किया और उम्मीद जताई कि यह विकेटकीपर-बल्लेबाज जाने-पहचाने माहौल में अपनी बेहतरीन फॉर्म फिर से हासिल कर सकेगा। उन्होंने आगे कहा, 'ऋषभ - किरण और मैं दोनों ही आपको DC में वापस पाकर खुश हैं। उम्मीद है कि आप दिल्ली में अपने घर पर अपनी बेहतरीन फॉर्म वापस पा सकेंगे।' 

पंत की वापसी फ्रेंचाइजी के सबसे मशहूर खिलाड़ियों में से एक की घर वापसी जैसा है। विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 2016 से 2024 तक दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व किया, फ्रेंचाइजी के लिए रिकॉर्ड 111 मैच खेले और चार सीजन में 43 मैचों में टीम की कप्तानी की। पंत IPL 2025 से पहले रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपए की फीस पर लखनऊ सुपर जायंट्स में चले गए थे, लेकिन फ्रेंचाइजी के साथ उनका दो साल का समय मुश्किल भरा रहा। LSG IPL 2025 में सातवें स्थान पर रही जबकि IPL 2026 में वह पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही। पंत ने 2026 सीजन खत्म होने से पहले ही कप्तानी छोड़ दी थी। IPL ने मंगलवार को पुष्टि की कि पंत 15 करोड़ रुपए में दिल्ली कैपिटल्स में वापस लौटेंगे जबकि कुलदीप 13.5 करोड़ रुपए की अपनी मौजूदा सैलरी पर लखनऊ सुपर जायंट्स में जाएंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News