पीएम मोदी ने ICU में भर्ती मिल्खा सिंह का हाल जाना, जल्द ठीक होने की कामना की

punjabkesari.in Friday, Jun 04, 2021 - 02:26 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : एथलेटिक्स के दिग्गज और विश्व भर में फ्लाइंग सिख के नाम से जाने जाते मिल्खा सिंह की सेहत खराब होने के बाद उन्हें पीजीआईएमईआर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां उन्हें इस समय आईसीयू में रखा गया है। जानकारी के मुताबिक मिल्खा सिंह का ऑक्सीजन का स्तर गिरने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवा पड़ा और अब वह स्थिर है। मिल्खा सिंह की हालत पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी उनका हाल पूछा। 

मिल्खा सिंह (90 वर्षीय) को रविवार को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल से उनके परिवार के अनुरोध पर छुट्टी दे दी गई थी और वह पृथकवास में ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे। अस्पताल ने एक बयान में कहा, फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह को गुरुवा दोपहर 3.35 बजे पीजीआईएमईआर के कोविड अस्पताल के आईसीयू में ऑक्सीजन के स्तर में गिरावट के कारण भर्ती कराया गया। उन्हें निगरानी में रखा गया है और अब उनकी हालत स्थिर है। 

दोनों के बेटे और महान गोल्फर जीव मिल्खा सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा, हां, वह इस समय आईसीयू कोविड वार्ड में है। उनके ठीक होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना है। पीएम मोदी ने उम्मीद जताई है कि मिल्खा सिंह जल्द ही ठीक होंगे और टोक्यो ओलंपिक्स में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को अपना आशीर्वाद देंगे। 

चार बार के एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता और 1958 के राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन मिल्खा को 24 मई को मोहाली स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मोहाली के अस्पताल ने पहले कहा था कि मिल्खा और उनकी 82 वर्षीय पत्नी निर्मल कौर दोनों का इलाज कोविड निमोनिया के तहत किया जा रहा था। पूर्व भारतीय वॉलीबॉल कप्तान कौर अभी भी मोहाली अस्पताल के आईसीयू में हैं। मेडिकल बुलेटिन में कहा गया था कि श्रीमती मिल्खा सिंह लगातार ऑक्सीजन की आवश्यकता के कारण आईसीयू में हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News