दिग्गज खिलाड़ी की चोट ने बढ़ाई RCB की चिंता, दो हफ्ते तक नहीं खेलेंगी कोई मैच

punjabkesari.in Saturday, Jan 10, 2026 - 01:04 PM (IST)

नवी मुंबई : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के शुरुआती मुकाबले से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम की तेज गेंदबाज पूजा वस्त्राकर हैमस्ट्रिंग चोट के कारण कम से कम दो हफ्तों तक मैदान से बाहर रहेंगी। यह जानकारी RCB के हेड कोच मलोलन रंगराजन ने दी।

रोमांचक मुकाबले में जीत

हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते पूजा मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ शुक्रवार को खेले गए WPL 2026 के पहले मुकाबले के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं थीं। हालांकि, पूजा की गैरमौजूदगी के बावजूद RCB ने डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की। इस मैच में नादिन डी क्लर्क ने नाबाद अर्धशतक के साथ टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

CoE से रिलीज से पहले लगी चोट

मलोलन रंगराजन ने बताया कि पूजा वस्त्राकर को यह चोट भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) से रिलीज होने से महज दो दिन पहले लगी थी। वह वहां कंधे की चोट से उबरने के लिए रिहैब कर रही थीं।

मैच के बाद मीडिया से बातचीत में रंगराजन ने कहा, 'पूजा वस्त्राकर चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं। CoE से रिलीज से दो दिन पहले दुर्भाग्यवश उनकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया। फिलहाल जो जानकारी हमारे पास है, उसके मुताबिक वह कम से कम अगले दो हफ्तों तक बाहर रहेंगी। यह हैमस्ट्रिंग की समस्या है और उनकी रिकवरी को हफ्ते-दर-हफ्ते देखा जाएगा।'

मेगा ऑक्शन में RCB ने किया था शामिल

पूजा वस्त्राकर को RCB ने WPL 2026 से पहले हुए मेगा ऑक्शन में 85 लाख रुपये में खरीदा था। इससे पहले वह टूर्नामेंट के पिछले तीन सीजन में मुंबई इंडियंस का हिस्सा थीं। नवंबर में ऑक्शन के बाद रंगराजन ने कहा था कि पूजा की मौजूदगी से टीम संयोजन में कई अहम बदलाव हो सकते हैं।

हालांकि, ऑक्शन के समय भी पूजा चोटिल थीं और WPL 2026 को उनके लिए लंबे समय बाद वापसी का मंच माना जा रहा था। उनका आखिरी प्रतिस्पर्धी मुकाबला अक्टूबर 2024 में खेले गए टी20 विश्व कप में था।

RCB के लिए नए चेहरों को मिला मौका

पूजा की अनुपस्थिति में RCB ने नई खिलाड़ी इंग्लैंड की लेफ्ट-आर्म स्पिनर लिंसी स्मिथ को नई गेंद सौंपी, जिन्होंने दो ओवर में 23 रन देकर कसी हुई गेंदबाजी की। इसके अलावा अरुंधति रेड्डी ने भी डेब्यू किया और चार ओवर में 37 रन देकर कोई विकेट नहीं लिया।

हालांकि, मैच का निर्णायक प्रभाव RCB की 2024 खिताबी टीम की अहम सदस्य नादिन डी क्लर्क ने डाला। ऑलराउंडर नादिन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए WPL इतिहास में ऐसा करने वाली दूसरी खिलाड़ी बन गईं, जिन्होंने एक ही मैच में अर्धशतक जड़ा और चार विकेट भी हासिल किए।

अगला मुकाबला UP वॉरियर्ज से

RCB की टीम अब सोमवार को इसी मैदान पर UP वॉरियर्ज के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलेगी। ऐसे में पूजा वस्त्राकर की वापसी के लिए टीम को अभी और इंतजार करना होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News