पृथ्वी शॉ–सपना गिल विवाद : शॉ का पलटवार, मुंबई सेशंस कोर्ट में इन्फ्लुएंसर को दिया जवाब

punjabkesari.in Wednesday, Dec 17, 2025 - 12:04 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सपना गिल के बीच चल रहा कानूनी विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। मुंबई सेशंस कोर्ट में दाखिल अपने लिखित जवाब में शॉ ने गिल द्वारा लगाए गए छेड़छाड़ के आरोपों को पूरी तरह नकारते हुए उन्हें झूठा और निराधार करार दिया। शॉ का कहना है कि यह मामला पर्सनल दुश्मनी और पब्लिसिटी हासिल करने के इरादे से आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कोर्ट से आग्रह किया कि उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश को गंभीरता से देखा जाए। 

मुंबई सेशंस कोर्ट में शॉ का सख्त रुख

मंगलवार को दाखिल जवाब में पृथ्वी शॉ ने कहा कि सपना गिल कानून का गलत इस्तेमाल कर रही हैं। उनके अनुसार गिल ने उनके खिलाफ पहले से दर्ज एक आपराधिक मामले के जवाब में यह कदम उठाया है। शॉ ने आरोप लगाया कि गिल “औरत होने का कार्ड” खेलकर सहानुभूति और दबाव बनाना चाहती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपों का मकसद उनकी लोकप्रियता और पहचान का फायदा उठाकर उन्हें बदनाम करना और आर्थिक लाभ हासिल करना है। 

फरवरी 2023 की घटना: पूरा मामला क्या है?

यह विवाद फरवरी 2023 में मुंबई के एक पब में हुई घटना से जुड़ा है। आरोप है कि सेल्फी लेने को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद हालात बिगड़ गए। इस मामले में सपना गिल को पृथ्वी शॉ पर कथित हमले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। बाद में गिल और पांच अन्य लोगों पर शॉ के दोस्त आशीष यादव का पीछा करने और 50,000 रुपये की मांग करने का भी आरोप लगा। पुलिस कार्रवाई के बाद गिल को जमानत मिल गई।

FIR, जांच और पुलिस रिपोर्ट

घटना के बाद सपना गिल अंधेरी एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन पहुंचीं और आरोप लगाया कि पृथ्वी शॉ और आशीष यादव ने उनके दोस्त के साथ मारपीट की है। उन्होंने छेड़छाड़ और इज्जत को ठेस पहुंचाने के आरोपों में FIR दर्ज करने की मांग की।
हालांकि पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की। इसके बाद गिल ने मजिस्ट्रेट कोर्ट का रुख किया, जहां प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए। जांच पूरी होने पर पुलिस ने रिपोर्ट दाखिल की, जिसमें कहा गया कि शॉ और उनके दोस्तों के खिलाफ कोई आपराधिक मामला नहीं बनता। 

पिछली सुनवाई और कोर्ट की सख्ती

मामले की पिछली सुनवाइयों में पृथ्वी शॉ समय पर अपना जवाब दाखिल नहीं कर पाए थे। इस पर कोर्ट ने सितंबर 2024 में उन्हें 100 रुपये का जुर्माना लगाते हुए अंतिम मौका दिया था। इसके बाद शॉ ने आखिरकार विस्तृत जवाब दाखिल किया।

शॉ का बड़ा दावा और गिल की प्रतिक्रिया

अपने जवाब में शॉ ने सपना गिल को “संघर्षरत अभिनेत्री” बताते हुए कहा कि यह याचिका केवल पब्लिसिटी पाने के लिए दायर की गई है। उन्होंने इसे झूठा, बेबुनियाद और परेशान करने वाला बताया। वहीं, गिल के वकील अली काशिफ खान ने शॉ के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उनके जवाब में अपने बचाव के समर्थन में कोई ठोस सबूत या दलील पेश नहीं की गई है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News