टी20 वर्ल्ड कप : ''मुस्कान आप पर जंचती है'', धोनी के मजाकिया पोस्ट पर गंभीर का शानदार जवाब

punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 03:57 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की। इस शानदार जीत के बाद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर भी काफी खुश नजर आए और आमतौर पर गंभीर रहने वाले गंभीर के चेहरे पर बड़ी मुस्कान देखने को मिली।

धोनी ने पोस्ट में दी बधाई, गंभीर पर किया मजाक

भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सोशल मीडिया पर टीम इंडिया को बधाई दी। धोनी उस समय अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मौजूद थे। उनके साथ विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव और रोहित शर्मा भी मौजूद थे।

धोनी ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'अहमदाबाद में इतिहास बन गया। टीम और सपोर्ट स्टाफ को बधाई और दुनिया भर के भारतीय क्रिकेट फैंस को भी। आप सभी को खेलते देखना शानदार रहा। कोच साहब, मुस्कान आप पर अच्छी लगती है। मुस्कान के साथ आपकी तीव्रता एक खतरनाक कॉम्बिनेशन है। बहुत बढ़िया। एन्जॉय करो दोस्तों। (बुमराह के बारे में कुछ ना लिखूं तो ही अच्छा है… चैंपियन बॉलर)।'

गंभीर ने धोनी के पोस्ट पर दिया जवाब

धोनी के इस मजेदार पोस्ट पर गौतम गंभीर ने भी तुरंत प्रतिक्रिया दी। गंभीर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'और मुस्कुराने की वजह भी तो शानदार है, आपको देखकर अच्छा लगा।'

CSK ने भी किया मजेदार कमेंट

धोनी के पोस्ट पर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने भी मजेदार कमेंट किया। फ्रेंचाइजी ने लिखा, 'यह सब कुछ है… और सब कुछ का मतलब है… सब कुछ!'

टीम इंडिया की आक्रामक क्रिकेट शैली पर बोले गंभीर

फाइनल जीतने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौतम गंभीर ने टीम की नई सोच और आक्रामक क्रिकेट की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य सिर्फ टीम को संभालना नहीं बल्कि एक अलग पहचान बनाना था। गंभीर ने कहा, 'यह सिर्फ टीम को विरासत में लेना नहीं है, बल्कि कुछ नया बनाना भी है। मैं चाहता था कि टीम ऐसी क्रिकेट खेले कि लोग कहें यह टीम लगातार ज्यादा रन बनाती है, बेहतर गेंदबाजी करती है और बिना हार के डर के खेलती है।'

खिलाड़ी और कोच दोनों रूप में वर्ल्ड कप जीतने वाले पहले भारतीय

गौतम गंभीर ने इस जीत के साथ एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वह टी20 वर्ल्ड कप को खिलाड़ी और हेड कोच दोनों रूप में जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। 2007 के पहले टी20 वर्ल्ड कप में गंभीर ने धोनी की कप्तानी में खेलते हुए फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 54 गेंदों में 75 रन की शानदार पारी खेली थी। लगभग दो दशक बाद अब उन्होंने कोच के रूप में भी टीम इंडिया को चैंपियन बना दिया।

IPL 2026 में फिर मैदान पर दिखेंगे धोनी

इस बीच महेंद्र सिंह धोनी अब आईपीएल 2026 की तैयारी में जुट गए हैं। 44 साल के धोनी एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज की भूमिका में नजर आएंगे। आईपीएल 2026 में वह कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की अगुवाई वाली टीम का हिस्सा होंगे। वहीं टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन भी टीम के साथ खेलते नजर आएंगे। सैमसन को इस टूर्नामेंट में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News