PKL9 : हरियाणा को बड़े अंतर से हराकर अंक तालिका के शीर्ष पर पहुंचे पुनेरी पल्टन

punjabkesari.in Saturday, Nov 19, 2022 - 01:09 PM (IST)

हैदराबाद: सुल्तान फजल अतराचली की पुनेरी पल्टन हरियाणा स्टीलर्स पर एक बड़ी जीत के साथ वीवो प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) की अंक तालिका के टाप पर पहुंच गई है। गोचीबोवली इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए नौवें सीजन के 84वें मैच में पल्टन ने हरियाणा को 41-28 के अंतर से हराया। पल्टन के लिए असलम इनामदार (10) औऱ मोहित गोयत (10) के अलावा कप्तान फजल (4) ने चमक दिखाई। पल्टन ने 14 टैकल प्वाइंट हासिल किए। हरियाणा के लिए के. प्रपंजन ने सबसे अधिक 8 अंक लिए जबकि डिफेंस में जयदीप दहिया ने तीन अंक लिए। 

तीसरे मिनट में ही आकाश ने मल्टी प्वाइंट रेड के साथ पल्टन को 4-0 से आगे कर दिया। इसके बाद डिफेंस ने मीतू का काम्बीनेशन टैकल कर हरियाणा को सुपर टैकल की स्थिति में धकेल दिया। जोगिंदर ने हालांकि असलम का शिकार कर दो अंक के साथ हरियाणा का खाता खोला। अगली रेड पर हालांकि मोहित ने जोगिंदर का शिकार कर लिया। फिर असलम ने प्रपंजन और नितिन का शिकार कर हरियाणा को आलआउट कर 11-3 की लीड ले ली। इसके बाद पल्टन ने फासला 10 का कर दिया। मैच की पहली डू ओर डाई रेड पर मोहित लपक लिए गए। 

फिर 12 मिनट के बाद मंजीत ने हरियाणा को पहला टच प्वाइंट दिलाया। अगली रेड पर हालांकि पल्टन ने उन्हें लपक लीड 11 की कर ली। हालांकि मीतू ने पहली मल्टी प्वाइंट रेड के साथ स्कोर 7-17 कर दिया। हरियाणा ने फिर लगातार दो अंक के साथ वापसी के संकेत दिए। पल्टन के लिए सुपर टैकल आन था। असलम ने मंजीत को सुपर टैकल कर हरियाणा की वापसी की संभावना पर ब्रेक लगा दी। पहल हाफ 20-10 से पल्टन के नाम रहा। पल्टन ने रेड में 10 और डिफेंस मे 8 अंक लिए हैं जबकि हरियाणा को रेड में पांच और डिफेंस में 4 अंक मिले हैं। 

ब्रेक के बाद पांच मिनट के भीतर पल्टन ने हरियाणा को दूसरी बार आलआउट कर 29-12 की लीड ले ली। मोहित ने पांच अंक की रेड के साथ उसका सूपड़ा साफ किया। हरियाणा का डिफेंस लगातार गलतियां कर रहा था और इसी कारण प्रपंजन के मल्टी प्वाइंट रेड के बाद भी पल्टन 15 अंक आगे थे। हरियाणा ने जल्द ही पल्टन को सुपर टैकल की स्थिति में डाला लेकिन बस्तामी की गलती के कारण पल्टन इस स्थिति से उबर गए। 10 मिनट बचे थे औऱ स्कोर 31-17 था। ब्रेक के बाद असलम ने बोनस लिया और फिर सोमवीर ने डू ओर डाई रेड पर मीतू को लपक लिया। 

इसके बाद असलम ने डू ओर डाई पर अंक लेकर फासला दोगुने से अधिक कर दिया लेकिन विनय ने 34वें मिनट में सुपर रेड कर हरियाणा को वापसी के लिए जरूरी साहस प्रदान किया। फासला हालांकि अभी भी 15 अंक था औऱ सिर्फ पांच मिनट हाथ में थे।पल्टन ने इस क्षण के बाद भी दो अंक लिए। हरियाणा की टीम ने वापसी की पुरजोर कोशिश की लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस तरह, पल्टन 15 मैचों में नौवीं कामयाबी के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं जबकि इतने ही मैचों मे आठवीं हार ने हरियाणा की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ramandeep Singh

Recommended News

Related News