रणजी ट्रॉफी : नॉकआउट की दौड़ में बने रहने के लिए ओडिशा को हराना चाहेगी मुंबई
punjabkesari.in Wednesday, Mar 02, 2022 - 04:45 PM (IST)

अहमदाबाद : आत्मविश्वास से भरी मुंबई की टीम गुरूवार से यहां शुरू होने वाले अपने अंतिम एलीट ग्रुप डी रणजी ट्राफी मैच में ओडिशा के खिलाफ जीत पर निगाह लगाए है क्योंकि नॉकआउट की दौड़ में बने रहने के लिए उसे छह अंक चाहिए होंगे। इस समय मुंबई नौ अंक लेकर ग्रुप में शीर्ष पर है। उसने पिछले मैच में गोवा के खिलाफ अंतिम मैच में जीत हासिल की थी जबकि इससे पिछले मैच में सौराष्ट्र के खिलाफ पहली पारी के आधार पर बढ़त बनाई थी।
अगर मुंबई की टीम ओडिशा को हरा देती है तो उसके 15 अंक हो जाएंगे और बोनस अंक सहित जीत दर्ज करती है तो उसके 16 अंक हो जाएंगे। सौराष्ट्र की टीम आठ अंक से दूसरे स्थान पर है, अगर वे गोवा को हरा देते हैं तो उसके 14 अंक हो जाएंगे। अगर मुंबई पहली पारी की बढ़त बनाती है और सौराष्ट्र जीत जाती है तो सौराष्ट्र अगले दौर में पहुंच जाएगी। इसलिए अमोल मजूमदार की कोचिंग वाली टीम बोनस अंक सहित जीत दर्ज करने के लिये बेताब होगी।
कप्तान पृथ्वी शॉ बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब होंगे तो श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट के लिये भारतीय टीम से बाहर किए गए अनुभवी अजिंक्य रहाणे भी रन जोड़ना चाहेंगे। युवा बल्लेबाज सरफराज खान भी अपनी अच्छी लय को जारी रखना चाहेंगे। वहीं मुंबई को अगर बड़ा स्कोर बनाना है तो विकेटकीपर आदित्य तारे को भी बड़ी पारी खेलनी होगी। शम्स मुलानी के हरफनमौला प्रदर्शन से मुंबई ने गोवा पर जीत दर्ज की थी और यह बायें हाथ का स्पिनर भी इसी फॉर्म को जारी रखना चाहेगा। ओडिशा के महज तीन अंक हैं जिससे वह दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है। ग्रुप का दूसरा मैच गत चैम्पियन सौराष्ट्र और गोवा के बीच खेला जायेगा।