शुभमन गिल को अभी समय चाहिए, रविंद्र जडेजा बना सकते हैं कप्तान : अश्विन

punjabkesari.in Thursday, May 15, 2025 - 11:54 PM (IST)

चेन्नई : पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के संन्यास के बाद भारतीय टेस्ट कप्तानी के लिए अपने लंबे समय के स्पिन जोड़ीदार रवींद्र जडेजा का नाम सुझाया। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल ‘ऐश की बात’ पर गुरुवार को यह राय जाहिर की।


अश्विन ने कप्तानी के दावेदारों पर चर्चा करते हुए कहा कि कुछ स्पष्ट विकल्प हैं, लेकिन मैं रवींद्र जडेजा का नाम भी जोड़ना चाहूंगा। कप्तान या उप-कप्तान की चर्चा से पहले खिलाड़ी का प्लेइंग इलेवन में होना जरूरी है। जडेजा एक स्वाभाविक चयन हैं। उन्होंने आगे कहा कि जडेजा टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। अगर नए खिलाड़ी को दो साल तक तैयार कर कप्तान बनाया जा सकता है, तो जडेजा भी दो साल तक यह भूमिका निभा सकते हैं। उन्हें उप-कप्तान के रूप में भी आजमाया जा सकता है।

 

शुभमन गिल, रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, टीम इंडिया, भारत बनाम इंग्लैंड, Shubman Gill, Ravindra Jadeja, Ravichandran Ashwin, Team India, India vs England


36 वर्षीय जडेजा ने 80 टेस्ट में 3,370 रन (34.74 की औसत, 4 शतक, 22 अर्धशतक) और 323 विकेट लिए हैं। हालांकि, जडेजा ने भारत के लिए किसी भी प्रारूप में कप्तानी नहीं की है। उन्होंने 2022 आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी की थी, लेकिन 8 में से केवल 2 मैच जीतने के बाद बीच सीजन में एमएस धोनी को कप्तानी सौंप दी थी।


अश्विन ने शुभमन गिल को कप्तानी के लिए लोकप्रिय नाम बताया और उनकी तुलना 2003 में 22 साल की उम्र में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान बने ग्रीम स्मिथ से की। उन्होंने कहा, “अगर गिल गुजरात टाइटंस को आईपीएल प्लेऑफ में ले जाते हैं, तो उनकी कप्तानी में बदलाव आसान हो सकता है।” गिल की अगुआई में गुजरात टाइटंस 8 जीत और 3 हार के साथ 16 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है।


जसप्रीत बुमराह की कप्तानी पर अश्विन ने कहा कि मुझे निराशा है कि बुमराह को कप्तानी नहीं मिली। वह राष्ट्रीय संपत्ति हैं। उनकी एक बड़ी सर्जरी हो चुकी है। मुझे आश्चर्य होगा अगर वह पांच टेस्ट लगातार खेलें। उन्हें रिकवरी के लिए ब्रेक चाहिए। बुमराह ने भारत के लिए 3 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें 2024-25 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट में पर्थ में 295 रनों की जीत उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Related News