RCB ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाली पहली टीम बनी

punjabkesari.in Tuesday, Jan 20, 2026 - 03:38 PM (IST)

वडोदरा : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में इतिहास रचते हुए गुजरात जायंट्स को 61 रनों से करारी शिकस्त दी और प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। यह मुकाबला वडोदरा के कोटांबी स्थित बीसीए स्टेडियम में खेला गया। इस जीत के साथ RCB ने टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। गौतमी नाइक की संयमित अर्धशतकीय पारी और शानदार टीम प्रदर्शन के दम पर RCB इस सीजन नॉकआउट में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई।

लगातार जीतों का रिकॉर्ड, WPL में पहली बार हुआ ऐसा

RCB की यह जीत सिर्फ प्लेऑफ टिकट तक सीमित नहीं रही। 2025 सीजन के अंत से लेकर मौजूदा सीजन तक RCB अब लगातार छह मुकाबले जीत चुकी है, जो WPL इतिहास में एक नया रिकॉर्ड है।

अब तक: मुंबई इंडियंस ने दो बार लगातार 5 मैच जीते थे, RCB ने पहले भी एक बार 5 मैचों की जीत दर्ज की थी, दिल्ली कैपिटल्स का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4 लगातार जीत रहा है; लेकिन स्मृति मंधाना की कप्तानी में RCB WPL के चार साल के इतिहास में लगातार छह जीत दर्ज करने वाली पहली टीम बन गई है।

दिल्ली के खिलाफ नजर सातवीं जीत पर

अगर RCB 24 जनवरी को दिल्ली कैपिटल्स को हरा देती है, तो वह: WPL सीजन की शुरुआत में लगातार 6 जीत दर्ज करने वाली पहली टीम बनेगी, कुल मिलाकर जीतों की संख्या 7 तक पहुंच जाएगी, फिलहाल, सिर्फ मुंबई इंडियंस ही 2023 में सीजन की शुरुआत लगातार पांच जीत के साथ कर पाई थी।

कैसे RCB ने गुजरात जायंट्स को दी मात

टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी RCB की शुरुआत खराब रही। शुरुआती दो ओवरों में ही ग्रेस हैरिस और जॉर्जिया वोल आउट हो गईं और टीम का स्कोर 9/2 हो गया।

इसके बाद: गौतमी नाइक ने मोर्चा संभाला, कप्तान स्मृति मंधाना के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 60 रनों की अहम साझेदारी की, मंधाना 26 रन बनाकर ऐश्ले गार्डनर की गेंद पर LBW आउट हुई। नाइक की जिम्मेदार पारी की बदौलत RCB ने मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके बाद गेंदबाज़ों ने गुजरात को पूरी तरह दबाव में रखा और 61 रन से बड़ी जीत दर्ज की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News