IPL 2026 ऑक्शन से पहले सरफराज खान का धमाका, सिर्फ इतनी गेंदों में जड़ी तूफानी फिफ्टी
punjabkesari.in Sunday, Dec 14, 2025 - 04:37 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 मिनी ऑक्शन से पहले सरफराज खान ने अपने बल्ले से जोरदार संदेश दे दिया है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में मुंबई की ओर से खेलते हुए सरफराज ने हरियाणा के खिलाफ महज 25 गेंदों में 64 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 256 के शानदार स्ट्राइक रेट से रन बरसाए। उनकी इस पारी में 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
हरियाणा के गेंदबाजों पर बरपा कहर
सुपर लीग के शुरुआती मुकाबले में हैदराबाद के खिलाफ फ्लॉप रहने के बाद सरफराज ने जोरदार वापसी की। हरियाणा के खिलाफ उन्होंने शुरू से ही आक्रामक तेवर दिखाए और गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया। उनकी यह पारी ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजियों का ध्यान खींचने के लिए काफी मानी जा रही है।
हाई-स्कोरिंग मैच में मुंबई की शानदार जीत
इस मुकाबले में हरियाणा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 234 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने आक्रामक अंदाज में लक्ष्य का पीछा किया। सरफराज खान और यशस्वी जायसवाल के बीच 37 गेंदों में 88 रनों की तेज साझेदारी हुई। जायसवाल ने 50 गेंदों में 101 रन की शतकीय पारी खेली और मुंबई ने 15 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। इस रोमांचक टी20 मैच में कुल 472 रन बने।
ऑक्शन के पहले सेट में शामिल सरफराज
IPL 2026 मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को अबू धाबी में होगा। 1000 से ज्यादा खिलाड़ियों में से 350 को शॉर्टलिस्ट किया गया है। सरफराज खान का नाम ऑक्शन के पहले सेट में शामिल है, जिसमें पृथ्वी शॉ, कैमरून ग्रीन, टिम डेविड, डेवोन कॉनवे और जेक फ्रेजर मैकगर्क जैसे बड़े नाम भी मौजूद हैं। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए सरफराज पर बड़ी बोली लगने की पूरी संभावना है।

