स्मृति मंधाना ने 26 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, वनडे में एक कैलेंडर वर्ष में बनाए सर्वाधिक रन
punjabkesari.in Thursday, Oct 09, 2025 - 06:21 PM (IST)

विशाखापत्तनम : भारतीय बल्लेबाज स्मृति मंधाना मौजूदा महिला विश्व कप में अपने तीसरे मैच में एक और बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहीं, लेकिन उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महिला वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक रन बनाकर 26 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
स्मृति ने गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंदों पर 23 रन बनाए, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था। जब ऐसा लग रहा था कि वह एक बड़ा स्कोर बनाने के लिए तैयार हैं, तभी 29 वर्षीय भारतीय सलामी बल्लेबाज ने लॉन्ग-ऑन पर सुने लुस की गेंद पर आउट हो गई। गुरुवार को बनाए गए 23 रनों के साथ मंधाना का इस साल का कुल स्कोर 17 पारियों में 973 रन हो गया, जो एक साल में महिला वनडे में किसी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सर्वाधिक रन हैं।
मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया की बेलिंडा क्लार्क का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 1997 में 970 रन बनाए थे। दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वोल्वार्ड्ट 2022 में 882 रन बनाकर इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। मंधना के लिए वनडे में अब तक का साल शानदार रहा है, हालांकि विश्व कप उनके लिए अब तक उतना अच्छा नहीं रहा है। विश्व कप से पहले मंधाना ने 14 पारियों में 66.28 की औसत और 115.85 के स्ट्राइक रेट से 928 रन बनाए थे।
विश्व कप में उनका बल्ला ठंडा रहा है, तीन पारियों में 18.00 की औसत और 72.97 के स्ट्राइक रेट से केवल 54 रन ही बना पाई हैं। लेकिन उनके पास अभी भी एक कैलेंडर वर्ष में 1000 रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनकर एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका है। 5 और लीग मैच खेलने के साथ, उनके पास इस मुकाम तक पहुंचने के पर्याप्त अवसर हैं।