IND vs SA : साउथ अफ्रीका ने बनाया अनोखा ODI रिकॉर्ड, वह कर दिखाया जो पहले कभी नहीं हुआ

punjabkesari.in Monday, Dec 01, 2025 - 01:23 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : रांची में खेले गए पहले वनडे ने भारत और साउथ अफ्रीका के बीच रोमांच का वो स्तर दिखाया जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। मैच भले ही भारत ने 17 रन से जीता, लेकिन साउथ अफ्रीका ने वह कर दिखाया जो ODI इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था। शुरुआती तीन विकेट मात्र 11 रन पर गिरने के बाद भी उन्होंने 300 रन का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया। इससे पहले ऐसी स्थिति में सबसे बड़ा स्कोर 297 रन था, जो पाकिस्तान ने 2019 में हेडिंग्ले में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। यह उपलब्धि दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी की मजबूती, धैर्य और आक्रामक रुख का अहम प्रमाण बन गई।

रिकॉर्ड-ब्रेकिंग रन चेज़ की शुरुआत झटकों के साथ

रांची ODI में साउथ अफ्रीकी टीम की पारी की शुरुआत किसी डरावने सपने से कम नहीं रही। टीम ने सिर्फ 11 रन पर अपने पहले तीन विकेट खो दिए। भारतीय तेज़ गेंदबाज़ों ने शुरुआती पावरप्ले में विपक्ष को झकझोर दिया, 350 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका बड़े अंतर से हार की ओर बढ़ती दिख रही थी लेकिन इसके बाद जो हुआ, वह ऐतिहासिक था।

मध्यक्रम ने किया गजब का कमबैक

प्रारंभिक झटकों के बाद दक्षिण अफ्रीका के मध्यक्रम ने स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैथ्यू ब्रीट्जके के 72 रन (80 गेंद, 8 चौके, 1 छक्का), मार्को जेनसन के 70 रन (39 गेंद, 8 चौके, 3 छक्के) और कॉर्बिन बोश के 67 रन (51 गेंद, 5 चौके, 4 छक्के), इन तीनों बल्लेबाज़ों ने एक-एक साझेदारी कर भारत के गेंदबाजों के दबदबे को कम किया और मैच को रोमांचक मोड़ तक पहुंचाया। दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज न सिर्फ विकेट बचाकर खेले, बल्कि मैच को अंतिम ओवरों तक संघर्षपूर्ण बनाए रखा। 

पाकिस्तान का रिकॉर्ड टूटा, दक्षिण अफ्रीका नं. 1 बनी

अब तक ODI इतिहास में ऐसी स्थिति (पहले तीन विकेट 15 रन से कम पर गिरना) में सबसे बड़ा रन-चेज स्कोर पाकिस्तान के नाम था जो 297/10, हेडिंग्ले 2019 vs इंग्लैंड लेकिन रांची में दक्षिण अफ्रीका ने यह रिकॉर्ड तोड़ते हुए 332 रन तक पहुंचकर नया कीर्तिमान बना दिया। यह उपलब्धि दर्शाती है कि उनका मध्यक्रम और निचला क्रम कितना मजबूत है और दबाव की स्थिति में वे किस तरह बेखौफ होकर रन जुटा सकते हैं। 

ODI में 15 से कम रन पर 3 विकेट गिरने के बाद 300 से ज्यादा का कुल स्कोर 

10/3 से 368/5 - AUS बनाम SL, सिडनी, 2006
14/3 से 346/7 - ENG बनाम SA, किम्बरली, 2023
11/3 से 332 - SA बनाम IND, रांची, 2025

भारत ने रोका, लेकिन साउथ अफ्रीका ने कहानी लिखी 

भारत ने शानदार गेंदबाज़ी के दम पर मैच 17 रन से जीत लिया, लेकिन साउथ अफ्रीका की पारी में कई खास बातें देखने को मिलीं। भारत की ओर से कुलदीप यादव के 4 विकेट, हर्षित राणा के 3 विकेट, अर्शदीप सिंह के 2 विकेट ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। लेकिन इन सबके बावजूद साउथ अफ्रीका की लड़ाई ने मैच को एक ऐतिहासिक दर्जा दिया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News