T20 WC Final, IND vs NZ : अहमदाबाद में खिताबी जंग, जानिए हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, मौसम-पिच रिपोर्ट और संभावित प्लेइंग 11

punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 10:00 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। कई हफ्तों तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद दोनों टीमें टूर्नामेंट के सबसे बड़े मैच तक पहुंची हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह खिताबी भिड़ंत भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगी, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे होगा। दोनों टीमें ट्रॉफी जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगी।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत और न्यूजीलैंड के बीच हमेशा कड़ा मुकाबला देखने को मिला है।

कुल मैच: 30
भारत की जीत: 18
न्यूजीलैंड की जीत: 11
नो रिजल्ट: 0

हालांकि टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की बात करें तो यहां न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच खेले गए 3 मुकाबलों में भारत को हार का सामना करना पड़ा है, ऐसे में टीम इंडिया के पास इस बार इतिहास बदलने का बड़ा मौका है।

पिच रिपोर्ट – नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बैटिंग के लिए अच्छी मानी जाती है। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में हल्की स्विंग मिल सकती है, जबकि बीच के ओवरों में स्पिनरों की भूमिका अहम रहती है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर करीब 170 रन है। कई मुकाबलों में 180+ स्कोर भी देखने को मिला है। रात के मैचों में ओस बड़ा फैक्टर बनती है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम अक्सर पहले गेंदबाजी करना पसंद करती है। इस मैदान पर कुल टी20 मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने लगभग 55% मैच जीते हैं।

मौसम रिपोर्ट

अहमदाबाद में फाइनल के दौरान मौसम साफ रहने की संभावना है। मैच के दौरान तापमान लगभग 30 से घटकर 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। बारिश की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में फैंस को पूरे 40 ओवर का रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।

कहां देखें लाइव मैच

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव प्रसारित किया जाएगा। ऑनलाइन दर्शक इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर देख सकते हैं। मैच शाम 7:00 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा।

संभावित प्लेइंग 11

भारत : अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।

न्यूजीलैंड : फिन एलेन, टिम सिफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News