टी20 वर्ल्ड कप : ''विव रिचर्ड्स की ताकत, जयवर्धने की क्लास'', गावस्कर ने इस खिलाड़ी की जमकर तारीफ की

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 03:48 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन भारत के लिए मैच विनर साबित हुए। शुरुआत में कुछ मैचों में बेंच पर बैठने के बाद उन्होंने नॉकआउट मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया और भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

सैमसन ने नॉकआउट मैचों में 97, 89 और 89 रन* की दमदार पारियां खेलीं। उनके लगातार तीन अर्धशतक जैसे स्कोर ने भारत को घर में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब बचाने में मदद की। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ भी चुना गया।

सुनील गावस्कर ने की दिग्गजों से तुलना

भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने संजू सैमसन की बल्लेबाजी की तुलना दो दिग्गज खिलाड़ियों से की है। उन्होंने कहा कि सैमसन की बल्लेबाजी में वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विवियन रिचर्ड्स जैसी ताकत और श्रीलंका के महान बल्लेबाज महेला जयवर्धने जैसी क्लास नजर आती है। गावस्कर ने अपने कॉलम में लिखा कि आधुनिक टी20 क्रिकेट में इतनी शुद्ध बल्लेबाजी बहुत कम देखने को मिलती है।

जोफ्रा आर्चर के खिलाफ शॉट ने दिलाई रिचर्ड्स की याद

गावस्कर के मुताबिक इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर के खिलाफ सैमसन का पुल शॉट उन्हें विवियन रिचर्ड्स के शानदार दिनों की याद दिला गया। उन्होंने कहा कि सैमसन ने नॉकआउट मुकाबलों में क्लासिकल शॉट्स के साथ-साथ बेहतरीन पुल और हुक शॉट खेले, जो हाल के समय में कम ही देखने को मिलते हैं।

टूर्नामेंट की शुरुआत में टीम से बाहर थे सैमसन

दिलचस्प बात यह है कि टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत में संजू सैमसन टीम की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें शुरुआती मैचों में मौका नहीं मिला था। टीम मैनेजमेंट ने अभिषेक शर्मा और ईशान किशन पर भरोसा जताया, लेकिन जब टॉप ऑर्डर संघर्ष करने लगा तो सैमसन को मौका मिला और उन्होंने शानदार वापसी करते हुए अपनी जगह पक्की कर ली।

321 रन के साथ तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

संजू सैमसन ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 पारियों में 321 रन बनाए। उनका औसत 80.25 और स्ट्राइक रेट 199.37 रहा। वह टूर्नामेंट के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे।

अब चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलेंगे सैमसन

टी20 वर्ल्ड कप के बाद संजू सैमसन जल्द ही आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेलते नजर आएंगे।राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें ट्रेड में रवींद्र जडेजा और सैम करन के बदले सीएसके को भेजा है। चेन्नई टीम में सैमसन रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में खेलेंगे और उनके साथ दिग्गज एमएस धोनी भी होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News