टी20 वर्ल्ड कप 2026 : खिताब बचाने उतरेगी भारतीय टीम, शेड्यूल, टीम, वेन्यू सहित जानें कहां देखें मैच

punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 04:14 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की हाई-स्कोरिंग T20I सीरीज में 4-1 की दमदार जीत के बाद टीम इंडिया अब पूरी तरह से T20 वर्ल्ड कप 2026 के मोड में आ चुकी है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेज़बानी में होने वाला यह मेगा टूर्नामेंट 7 फरवरी से शुरू हो रहा है। मौजूदा चैंपियन भारत ने वर्ल्ड कप से पहले अपने इकलौते वार्म-अप मैच में दक्षिण अफ्रीका को 30 रनों से हराकर यह साफ कर दिया है कि वह खिताब बचाने के इरादे से उतर रही है। 

डिफेंडिंग चैंपियन भारत पर रहेंगी निगाहें

भारत ने 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में खेले गए T20 वर्ल्ड कप में खिताब जीतकर 17 साल का इंतज़ार खत्म किया था। फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर टीम इंडिया ने अपना दूसरा T20 वर्ल्ड कप जीता था। इससे पहले 2007 में एमएस धोनी की कप्तानी में भारत ने पहला T20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था। अब 2026 में सूर्यकुमार यादव की अगुआई में भारत इतिहास रचते हुए लगातार दो T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बनना चाहेगा।

सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में नया भारत

इस बार टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में है, जो अपनी आक्रामक बल्लेबाज़ी और शांत नेतृत्व के लिए जाने जाते हैं। भारत अपना पहला मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में USA के खिलाफ खेलेगा। घरेलू हालात और फैंस का समर्थन भारतीय टीम के लिए बड़ा प्लस फैक्टर माना जा रहा है।

ग्रुप A में भारत की चुनौती

डिफेंडिंग चैंपियन भारत को ग्रुप A में पाकिस्तान, USA, नीदरलैंड और नामीबिया के साथ रखा गया है। ग्रुप स्टेज के बाद चारों ग्रुप की टॉप दो टीमें सुपर-8 में जगह बनाएंगी। भारत का ग्रुप चुनौतीपूर्ण है, खासकर पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला हमेशा हाई-वोल्टेज रहता है, भले ही इस बार उस मैच को लेकर विवाद भी बना हुआ है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत का पूरा शेड्यूल

7 फरवरी: भारत बनाम USA – वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई
12 फरवरी: भारत बनाम नामीबिया – अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली
15 फरवरी: भारत बनाम पाकिस्तान – आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो
18 फरवरी: भारत बनाम नीदरलैंड – नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद

भारत के सभी मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होंगे। सुपर-8 चरण 21 फरवरी से, सेमीफाइनल 4 और 5 मार्च को, जबकि फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय स्क्वॉड

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा (बाहर होने की संभावना)।

भारत में कहां देखें टी20 वर्ल्ड कप 2026

T20 वर्ल्ड कप 2026 के सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, डिजिटल दर्शक Jio Hotstar ऐप पर मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News