T20 World Cup Final: अभिषेक शर्मा का धमाका, विराट कोहली जैसा कमाल कर तोड़ा बड़ा रिकॉर्ड

punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 08:10 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय ओपनर Abhishek Sharma ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। इस तेज पारी ने भारतीय टीम को धमाकेदार शुरुआत दिलाई। पूरे टूर्नामेंट में संघर्ष कर रहे अभिषेक ने फाइनल में शानदार वापसी करते हुए बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उनकी इस पारी की तुलना Virat Kohli के 2024 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल वाले प्रदर्शन से भी की जा रही है। 

फाइनल में अभिषेक शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी 

फाइनल मुकाबले में भारत को तेज शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी अभिषेक शर्मा ने बखूबी निभाई। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पावरप्ले में आक्रामक अंदाज अपनाते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाया। अभिषेक ने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाए और तेजी से रन बटोरते हुए सिर्फ 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उनकी इस पारी ने मैच की शुरुआत में ही न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की रणनीति को पूरी तरह बिगाड़ दिया। पावरप्ले के दौरान भारतीय बल्लेबाजों की आक्रामकता के कारण कीवी टीम के कप्तान मिशेल सेंटनर को गेंदबाजी बदलाव के कई प्रयोग करने पड़े, लेकिन कोई खास सफलता नहीं मिली। 

टी20 वर्ल्ड कप में बनाया बड़ा रिकॉर्ड 

अभिषेक शर्मा की यह पारी रिकॉर्ड के लिहाज से भी बेहद खास रही। उन्होंने इस टूर्नामेंट की सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही वह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत के लिए संयुक्त रूप से दूसरे सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इस सूची में उनके साथ केएल राहुल का नाम भी शामिल है। भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड अब भी युवराज सिंह के नाम है, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 2007 के संस्करण में सिर्फ 12 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी। 

विराट कोहली की पारी आई याद 

अभिषेक शर्मा की इस पारी की तुलना विराट कोहली के 2024 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल प्रदर्शन से की जा रही है। उस टूर्नामेंट में कोहली का फॉर्म पूरे सीजन में उतना अच्छा नहीं था, लेकिन फाइनल में उन्होंने शानदार 76 रन की पारी खेलकर भारत को जीत दिलाई थी। उसी तरह अभिषेक भी पूरे टूर्नामेंट में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। लेकिन फाइनल जैसे बड़े मंच पर उन्होंने दमदार वापसी करते हुए टीम के लिए मजबूत नींव तैयार की। 

रचिन रवींद्र ने खत्म की शानदार पारी 

अभिषेक शर्मा की आक्रामक पारी आखिरकार आठवें ओवर में समाप्त हुई। रचिन रविंद्र ने उन्हें आउट कर न्यूजीलैंड को अहम सफलता दिलाई। अभिषेक ने 21 गेंदों में 52 रन बनाए और अपनी पारी में कई शानदार चौके-छक्के लगाए। उनके आउट होने के बाद ईशान किशन क्रीज पर आए और संजू सैमसन का साथ दिया।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News