T20 World Cup : हैरी ब्रूक की एक गलती पड़ी भारी, संजू सैमसन ने ठोके 89 रन, लगाए 8 चौके और 7 छक्के
punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 08:24 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज Sanju Samson ने शानदार बल्लेबाजी से मैच का रुख बदल दिया। इंग्लैंड के कप्तान Harry Brook द्वारा शुरुआती ओवरों में छोड़ा गया एक आसान कैच टीम के लिए महंगा साबित हुआ। उस जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए सैमसन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उनकी 89 रन की विस्फोटक पारी ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया और इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ा दीं।
शुरुआती गलती ने बदला मैच का रुख
सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में छोटी सी गलती भी मैच का परिणाम बदल सकती है, और यही इंग्लैंड के साथ हुआ। पारी के तीसरे ओवर में जोफ्रा आर्चर की गेंद पर सैमसन ने हवा में शॉट खेला, जिसे हैरी ब्रुक आसानी से पकड़ सकते थे। लेकिन ब्रूक ने यह आसान कैच टपका दिया। उस समय सैमसन सिर्फ 15 रन पर खेल रहे थे। इस मौके को गंवाना इंग्लैंड के लिए भारी साबित हुआ, क्योंकि इसके बाद सैमसन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच का मोमेंटम भारत की ओर कर दिया।
सैमसन का तूफानी अर्धशतक
कैच छूटने के बाद सैमसन ने इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने उसी ओवर में आर्चर को एक जोरदार छक्का और चौका लगाकर अपने इरादे साफ कर दिए। इसके बाद सैमसन ने तेजी से रन बटोरे और महज 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता के साथ-साथ बेहतरीन टाइमिंग भी देखने को मिली।सैमसन ने मैदान के हर कोने में शॉट्स लगाए और इंग्लैंड के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर ला दिया।
42 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी
सैमसन ने इस सेमीफाइनल मुकाबले में 42 गेंदों पर 89 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। सैमसन की बल्लेबाजी ने भारतीय टीम को तेज शुरुआत दिलाई और बड़े स्कोर की नींव रखी। हालांकि वह शतक से चूक गए। पारी के 13.1 ओवर में विल जैक्स की गेंद पर फिल सॉल्ट के हाथों कैच आउट होकर उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। इसके बावजूद उनकी पारी भारत के लिए बेहद अहम साबित हुई।
पिछले मैच की फॉर्म को बरकरार रखा
सैमसन इस मैच में शानदार लय के साथ उतरे थे। इससे पहले उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले मुकाबले में भी 97 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी। लगातार दो अहम मैचों में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत की बल्लेबाजी को नई मजबूती दी है। टी20 क्रिकेट में उनकी आक्रामक शैली और बड़े शॉट खेलने की क्षमता टीम के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रही है।

