T20 World Cup : अहमदाबाद स्टेडियम की पिच पर केशव महाराज का बड़ा बयान, बोले- हर मैच में बदल जाता है चुनौती

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 05:02 PM (IST)

अहमदाबाद : वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 के अहम मुकाबले से पहले दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी स्पिनर केशव महाराज ने साफ कहा है कि एक ही वेन्यू पर ज्यादा मैच खेलना उनकी टीम के लिए कोई बड़ा फायदा नहीं है। उनका मानना है कि असली कुंजी हालात के मुताबिक खुद को जल्दी ढालने में है।

South Africa national cricket team अब तक टूर्नामेंट में सिर्फ एक बार अहमदाबाद से बाहर गई है, जब उसने नई दिल्ली में यूएई का सामना किया था। 1 मार्च को उसे जिम्बाब्वे के खिलाफ भी बाहर खेलना है।

पिच हर मैच में अलग, एडजस्टमेंट है असली मंत्र

महाराज ने मैच से पूर्व प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'सफर नहीं करना अच्छा लगता है, लेकिन पिच के लिहाज से हर मैच अलग रहा है। हमने यहां चार मुकाबले खेले और हर बार परिस्थितियां बदलीं। मैं इसे बड़ा एडवांटेज नहीं मानता। असली बात है कि आप विपक्ष से जल्दी हालात के मुताबिक ढलें और अपने प्लान को सही तरीके से लागू करें।'

भारत पर जीत के बाद भी टीम जमीन पर

दक्षिण अफ्रीका ने पिछले मुकाबले में India national cricket team को हराकर आत्मविश्वास हासिल किया है। हालांकि महाराज ने कहा कि टीम ज्यादा उत्साहित होकर बहक नहीं रही।

'भारत जैसी मजबूत टीम को हराने के बाद कैंप में ऊर्जा थी, लेकिन अभी बहुत क्रिकेट बाकी है। हमें सकारात्मक चीजों पर ध्यान देना है और लगातार बेहतर करना है।'

वेस्टइंडीज को हल्के में नहीं ले सकते

सुपर-8 में दोनों टीमें अब तक अजेय हैं। अगर दक्षिण अफ्रीका यह मुकाबला जीत लेती है तो उसका सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग तय हो जाएगा। फिर भी महाराज ने कहा कि टीम एक-एक मैच पर फोकस कर रही है।

'भारत के खिलाफ मैच हमारे लिए बड़ा था। वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार खेल दिखाया। हमें फिर से नई रणनीति के साथ उतरना होगा। वे विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं।'

दोपहर के मैच की नई चुनौती

यह मुकाबला दक्षिण अफ्रीका का टूर्नामेंट में पहला दोपहर 3 बजे शुरू होने वाला मैच होगा। महाराज ने माना कि इस समय की परिस्थितियों में ढलना जरूरी होगा।

'शुरुआत में गेंदबाज फीडबैक देते हैं। विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक परिस्थितियों को पढ़ने में माहिर हैं। हमें स्लोअर बॉल, कटर या लेंथ में बदलाव जैसे विकल्पों पर लगातार संवाद बनाए रखना होगा।'

‘वन परसेंटर’ पर रहेगा फोकस

महाराज ने कहा कि सेमीफाइनल की दहलीज पर खड़ी टीम के लिए छोटे-छोटे पहलू निर्णायक होंगे। 'मैच के दिन उन एक प्रतिशत मौकों को पकड़ना जरूरी है। अगर हमारी योजना स्पष्ट रही और हम उसे सही तरीके से लागू कर पाए, तो वही हमारे नियंत्रण में है।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News