T20 World Cup, PAK vs SL: T20 World Cup : पाक ने श्रीलंका के सामने रखा 213 रनों का टारगेट, साहिबजादा ने खेली तेज पारी
punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 08:59 PM (IST)
पल्लेकेले : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में आज पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच अहम मुकाबला खेला जा रहा है। सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए उतरी पाकिस्तानी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 212 रन ठोक दिए और श्रीलंका के सामने 213 रन का लक्ष्य रखा।
साहिबजादा का शतक, फखर का तूफान
पाकिस्तान की पारी की कमान साहिबजादा ने संभाली। उन्होंने शानदार शतक जड़ते हुए 100 रन की पारी खेली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उनके साथ फखर जमान ने भी आक्रामक अंदाज में 42 गेंदों पर 84 रन बनाए। दोनों की पारियों ने मैच का रुख तय कर दिया। श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका ने तीन विकेट झटके, जबकि कप्तान दासुन शनाका को दो सफलताएं मिलीं। दुष्मंथा चमीरा ने एक विकेट हासिल किया।
टॉस और मैच की अहमियत
श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। हालांकि, पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने इस फैसले को गलत साबित करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। यह मुकाबला पाकिस्तान के लिए बेहद निर्णायक है। सुपर-8 ग्रुप-2 से इंग्लैंड पहले ही अपने तीनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना चुका है। श्रीलंका टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है, ऐसे में पाकिस्तान के लिए यह ‘करो या मरो’ की स्थिति है।
सेमीफाइनल की राह कठिन
आखिरी चार में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को सिर्फ जीत से काम नहीं चलेगा। उसे कम से कम 65 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी या फिर 213 रन के लक्ष्य को 13 ओवर के भीतर हासिल करना होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो पाकिस्तान ग्रुप में तीसरे स्थान पर रह जाएगा और न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा।
पिच रिपोर्ट
पल्लेकेले की पिच संतुलित है, जहां शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को अच्छी स्विंग और उछाल मिलती है। पावरप्ले में बल्लेबाजी करना आसान होता है, लेकिन खेल आगे बढ़ने पर स्पिनरों को पिच से काफी मदद मिलने लगती है। यहां 160-170 का स्कोर एक चुनौतीपूर्ण और प्रतिस्पर्धी टोटल माना जाता है।
सेमीफाइनल का गणित: पाकिस्तान पर दबाव
पाकिस्तान के लिए समीकरण साफ है जीत जरूरी है, और संभव हो तो बड़े अंतर से। नेट रन रेट भी अहम भूमिका निभा सकता है। हार या बारिश की स्थिति में पाकिस्तान का सफर यहीं खत्म हो सकता है। श्रीलंका भले ही सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो, लेकिन वह पाकिस्तान का खेल बिगाड़ सकता है। एशियाई प्रतिद्वंद्विता का यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है।
प्लेइंग 11
पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान, फखर ज़मान, सलमान आगा (कप्तान), ख्वाजा नफाय, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज़, शाहीन अफरीदी, नसिम शाह, अब्रार अहमद, उस्मान तारिक
श्रीलंका: पथुम निसांका, कामिल मिशारा (विकेटकीपर), चारिथ असलांका, पवन रत्नायक, कमिंदु मेंडिस, डासुन शनाका (कप्तान), जनिथ लियानगे, डुनिथ वेल्लालगे, महीश थीक्षना, दुश्मंथा चमेरा, दिलशान मदुशंका।

