सिंदारोव को हराकर कैसे प्रज्ञानदा पहुंचे थे भारत के नंबर एक शतरंज खिलाड़ी बनने के करीब

punjabkesari.in Thursday, Jun 26, 2025 - 05:05 PM (IST)

ताशकंत, उज्बेकिस्तान | रिपोर्ट: निकलेश जैन

उज़चेस कप सुपर ग्रांड मास्टर शतरंज टूर्नामेंट के चार राउंड के बाद भारत के आर प्रज्ञानन्दा अपने करियर की ऐतिहासिक उपलब्धि के बेहद करीब पहुँच गए हैं। दो जीत और दो ड्रॉ के साथ 3 अंक बनाकर वह मेज़बान उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तारोव के साथ संयुक्त बढ़त पर हैं, लेकिन खास बात यह रही कि इस प्रदर्शन के बाद प्रज्ञानन्दा की लाइव रेटिंग 2779 पहुँच गई — जो अब तक की उनकी सर्वश्रेष्ठ है।

चौथे राउंड में प्रज्ञानन्दा ने सफेद मोहरों से खेलते हुए क्वीन्स गैम्बिट डिक्लाइन्ड ओपनिंग में उज्बेकिस्तान के सीनियर ग्रांडमास्टर जावोखिर सिंदारोव को मात दी। यह जीत न केवल टूर्नामेंट में उनकी दूसरी जीत थी, बल्कि इसी के साथ वह देश के नंबर एक खिलाड़ी बनने के बेहद करीब भी पहुँच गए हैं।

अगर वह अगला राउंड भी जीतते हैं, तो उनकी लाइव रेटिंग 2782 से ऊपर पहुँच सकती है, और वह भारत के वर्तमान नंबर एक खिलाड़ी अर्जुन एरिगैसी (2782) को पीछे छोड़ सकते हैं।

विश्व रैंकिंग में फिलहाल अर्जुन चौथे, प्रज्ञानन्दा पाँचवें और डी गुकेश छठे स्थान पर हैं। तीनों ही खिलाड़ी भारत के लिए गौरव का कारण हैं, परंतु प्रज्ञानन्दा की मौजूदा फॉर्म यह संकेत दे रही है कि वह जल्द ही देश के शीर्ष खिलाड़ी का स्थान हासिल कर सकते हैं।

अन्य मुकाबलों में ईरान के परहम मघसूदलू ने उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक याकूबबोएव को हराया, जबकि अर्जुन एरिगैसी ने अब्दुसत्तारोव से, रूस के यान नेपोमनिशी ने भारत के अरविंद चितांबरम से और हंगरी के रिचर्ड रापोर्ट ने उज्बेकिस्तान के वोखिदोव शम्सिद्दीन से ड्रॉ खेला।

चार राउंड के बाद प्रज्ञानन्दा और अब्दुसत्तारोव 3 अंक लेकर संयुक्त पहले स्थान पर हैं, जबकि अर्जुन और परहम 2.5 अंकों के साथ पीछा कर रहे हैं। टूर्नामेंट का अगला राउंड प्रज्ञानन्दा के लिए निर्णायक हो सकता है — न केवल खिताबी दौड़ के लिहाज से, बल्कि भारत के नंबर एक बनने के सपने के लिए भी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Niklesh Jain

Related News