RR vs CSK: वैभव सूर्यवंशी का चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ धमाका, महज 15 गेंद पर लगाई फिफ्टी
punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 10:22 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्कः गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से उन्होंने साबित कर दिया कि वे किसी भी स्तर के गेंदबाजों पर हावी हो सकते हैं।
सोमवार को खेले गए इस मुकाबले में बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने पहली ही गेंद से आक्रामक रुख अपनाया। चौके-छक्कों की बारिश करते हुए उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में ही अर्धशतक जड़ दिया। इस विस्फोटक पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स के एलीट बल्लेबाजी क्लब में एंट्री कर ली।
15 गेंदों में अर्धशतक जड़ते ही वैभव सूर्यवंशी राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन जैसे दिग्गजों के खास क्लब में जगह बनाई।
राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड अब भी यशस्वी जायसवाल के नाम है, जिन्होंने साल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ महज 13 गेंदों में यह कारनामा किया था। इस सूची में तीसरे स्थान पर भी वैभव सूर्यवंशी का ही नाम है, जिन्होंने 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ जयपुर में 17 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। उसी मैच में उन्होंने गुजरात की मजबूत गेंदबाजी को तहस-नहस कर दिया था।
इस सूची में चौथे स्थान पर जोस बटलर हैं, जिन्होंने 2018 में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ 18 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। गौरतलब है कि जोस बटलर अब गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं। वहीं पांचवें स्थान पर संजू सैमसन हैं, जिन्होंने 2020 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 19 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था।
अगर मैच की बात करें, तो चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.4 ओवर में 127 रन बनाए। जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने 128 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 12.1 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया और 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज करते हुए इस सीजन का धमाकेदार आगाज किया।
IPL में राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे तेज अर्धशतक
- 13 - यशस्वी जयसवाल बनाम KKR, 2023
- 15 - वैभव सूर्यवंशी बनाम CSK, 2026*
- 17 - वैभव सूर्यवंशी बनाम GT, 2025
- 18 - जोस बटलर बनाम DC, 2018

