IND vs ENG: ''उन्होंने मेरी बल्लेबाजी बदल दी'', वॉशिंगटन सुंदर ने अपनी सफलता का श्रेय मुख्य कोच को दिया

punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 12:36 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत ने एजबेस्टन में खेले गए पहले वनडे में इंग्लैंड को 6 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। 259 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 28 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम किया। इस जीत में वॉशिंगटन सुंदर ने अक्षर पटेल के साथ नाबाद 102 रन की साझेदारी कर अहम भूमिका निभाई। मैच के बाद सुंदर ने अपनी सफलता का श्रेय भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर और गुजरात टाइटंस के मुख्य कोच आशीष नेहरा को दिया।

'गौती भाई ने मेरी बल्लेबाजी को नई दिशा दी'

वॉशिंगटन सुंदर ने पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'मैं खुद को बेहद खुशकिस्मत मानता हूं कि लोगों ने हमेशा मेरी क्षमता पर भरोसा जताया। गौती भाई ने मुझे हमेशा समझाया कि मैं बल्लेबाजी से टीम के लिए क्या कर सकता हूं। वहीं गुजरात टाइटंस में आशीष नेहरा ने भी मुझे एक बेहतर इंसान और बेहतर क्रिकेटर बनने में काफी मदद की है।'

17 पारियों बाद आया वनडे अर्धशतक

शुभमन गिल के रिटायर्ड हर्ट होने के बाद सुंदर को नंबर-5 पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। इसके तुरंत बाद केएल राहुल भी सस्ते में आउट हो गए, लेकिन सुंदर ने दबाव में शानदार संयम दिखाया। उन्होंने 63 गेंदों में 52* रन बनाए, जिसमें चार चौके और एक छक्का शामिल रहा। यह उनके वनडे करियर का दूसरा और नवंबर 2022 के बाद पहला अर्धशतक था।

अक्षर के साथ जीत की नींव रखी

वॉशिंगटन सुंदर ने अक्षर पटेल के साथ पांचवें विकेट के लिए नाबाद 102 रन की साझेदारी की, जिसने भारत की जीत सुनिश्चित कर दी। यह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में भारत की पांचवें विकेट के लिए नौवीं शतकीय साझेदारी रही। लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें विकेट के लिए यह भारत की पांचवीं 100+ रन की साझेदारी भी है।

वनडे करियर के आंकड़े

26 वर्षीय वॉशिंगटन सुंदर अब तक 33 वनडे मैच खेल चुके हैं। उन्होंने 22 पारियों में 443 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 23.31 और स्ट्राइक रेट 82.95 का है। गेंदबाजी में उनके नाम 30 विकेट दर्ज हैं। हालांकि पिछले सात वनडे में वह सिर्फ एक विकेट ही ले पाए हैं, जो पिछले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ लखनऊ में मिला था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News