अर्जुन पुरस्कार सूची से बाहर होने पर बोलीं पहलवान साक्षी मलिक, दिया बड़ा बयान
punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2020 - 08:42 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित हो चुकी महिला पहलवान साक्षी मलिक का नाम अर्जुन पुरस्कारों की सूची से हटा दिया गया है। इस पर ओलंपिक ब्रांज मैडल जीत चुकी साक्षी ने कहा कि मेरा दिल टूट गया है। साक्षी के साथ ही महिला भारोत्तोलक मीराबाई चानू को भी अर्जुन पुरस्कारों की सूची से हटा दिया गया है।
साक्षी ने कहा कि अपनी उपलब्धियों की अनदेखी के लिए वह सरकार से निराश है। उन्होंने कहा, मैं हमेशा अर्जुन अवार्डी साक्षी मलिक के रूप में पहचानी जानी चाहती था। एथलीट इस तरह के सम्मान के लिए सब कुछ करते हैं। वह सभी पुरस्कार जीतना चाहते हैं। यही हमें प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा, मुझे नहीं पता कि अर्जुन पुरस्कार जीतने के लिए मुझे क्या करना चाहिए। मैं 2016 में खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित होकर खुश हूं और मैं इसका बहुत सम्मान करता हूं। लेकिन मैं हमेशा से अर्जुन अवार्ड सम्मान पाना चाहती थी। यही मेरा सपना था।
गौर हो कि खेल मंत्रालय की 12 सदस्यीय अवार्ड समिति ने अर्जुन पुरस्कार के लिए 29 खिलाड़ियों के नामों की सिफारिश की थी लेकिन केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने अंतिम फैसला लेते हुए इस सूची से साक्षी और चानू का नाम बाहर कर दिया।