WTC: साउथ अफ्रीका पर हुई पैसों की बारिश, ऑस्ट्रेलिया के खाते में आए 18.56 करोड़
punjabkesari.in Saturday, Jun 14, 2025 - 05:46 PM (IST)

नई दिल्ली: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका की टीमें इंग्लैंड के लॉर्ड्स में आमने-सामने हुईं। यह टूर्नामेंट का तीसरा संस्करण रहा, जिसे साउथ अफ्रीका ने कंगारूओं को 5 विकेट से हराकर अपने नाम कर लिया। 2021 में न्यूजीलैंड और 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने खिताब अपने नाम किया था। दोनों ने फाइनल में भारत को ही हराया था। साउथ अफ्रीका ने 1998 के बाद पहली बार किसी आईसीसी ट्रॉफी को जीता है।
साउथ अफ्रीका पर हुई पैसों की बरसात
प्रतिष्ठित ट्रॉफी के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया-साउथ अफ्रीका की नजर बड़ी इनामी राशि पर भी रही। 2023-25 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में भाग लेने वाली सभी नौ टीमों को आईसीसी द्वारा एक बड़ी नकद राशि दी जाएगी। कुल मिलाकर आईसीसी ने 5.76 मिलियन डॉलर (लगभग 49.24 करोड़ रुपये) प्राइज मनी के रूप में खर्च करने का फैसला है। विजेता साउथ अफ्रीका को 3.6 मिलियन डॉलर (लगभग 30.78 करोड़ रुपये) दिए जाएंगे। उपविजेता को 2.16 मिलियन डॉलर (लगभग 18.56 करोड़ रुपये) मिलेंगे। भारत पहली बार फाइनल में पहुंचने में नाकाम रहा। उसे इस बार 1.44 मिलियन डॉलर (लगभग 12.13 करोड़ रुपये) मिलेंगे।
प्राइज मनी में बढ़ोतरी
2023-25 संस्करण के लिए पुरस्कार राशि में पिछले दो संस्करणों की तुलना में भारी वृद्धि देखी गई है। 2021 और 2023 में कुल प्राइज मनी 3.8 मिलियन डॉलर (लगभग 32.49 करोड़ रुपये) थी। विजेताओं (न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) को 1.6 मिलियन डॉलर (लगभग 13.68 करोड़ रुपये) मिले थे, जबकि उपविजेता (भारत) को दोनों मौकों पर 0.8 मिलियन डॉलर (लगभग 7.6 करोड़ रुपये) मिले थे।
नए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र की शुरुआत
रविवार (15 जून) को फाइनल समाप्त होने के एक सप्ताह से भी कम समय बाद 2025-27 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र 20 जून को शुरू होगा। इस बार पहली सीरीज भारत और इंग्लैंड के बीच होगी. दोनों टीमें 20 जून से 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में आमे-सामने होंगी।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 चक्र प्राइज मनी डिटेल और टीमें
टीम स्थिति भारतीय रुपए में राशि (लगभग)
साउथ अफ्रीका विजेता 30.78 करोड़
ऑस्ट्रेलिया उपविजेता 18.56 करोड़
भारत तीसरा स्थान 12.13 करोड़
न्यूजीलैंड चौथा स्थान 10.26 करोड़
इंग्लैंड पांचवां स्थान 8.20 करोड़
श्रीलंका छठा स्थान 7.18 करोड़
बांग्लादेश सातवां स्थान 6.15 करोड़
वेस्टइंडीज आठवां स्थान 5.13 करोड़
पाकिस्तान नौवां स्थान 4.10 करोड़