KKR से रिलीज होने के बाद मुस्ताफिज़ुर PSL में खेलेंगे, इस टीम में हुए शामिल

punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 07:57 PM (IST)

लाहौर : लाहौर कलंदर्स ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) द्वारा रिलीज (टीम से छोड़े गए) किए गए बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिज़ुर रहमान को पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के 11वें सत्र के लिए उन्होंने अनुबंधित किया है। 

मुस्ताफिज़ुर को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के निर्देशों पर केकेआर की टीम से हटा दिया गया था जिससे घटनाओं का एक विवादास्पद सिलसिला शुरू हुआ जिसके कारण बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम ने आगामी ICC टी20 विश्व कप से नाम वापस ले लिया और पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ महत्वपूर्ण मैच के बहिष्कार का फैसला किया। BCCI ने मुस्ताफिज़ुर को हटाने का कारण नहीं बताया लेकिन कहा कि यह चारों ओर हो रहे घटनाक्रमों के कारण था जो पड़ोसी देश में हिंदुओं की हत्याओं के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच तनावपूर्ण राजनयिक संबंधों का संकेत था। 

बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए नाम वापस ले लिया जबकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भारत और श्रीलंका में खेले जाने वाले टूर्नामेंट के लिए कम खतरे की आशंका जताई थी। पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने की घोषणा की। 

वर्ष 2016 और 2018 में कलंदर्स के लिए खेल चुके मुस्ताफिज़ुर अब एक बार फिर इस टीम की जर्सी पहनने के लिए तैयार हैं। उन्हें 6.44 करोड़ पाकिस्तानी रुपए (लगभग दो करोड़ भारतीय रुपये) में अनुबंधित किया गया है। लाहौर कलंदर्स के मालिक समीन राणा ने कहा, 'एक बार कलंदर, हमेशा कलंदर। मुस्ताफिज़ुर सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं है। वह एक भाई है, हमारे परिवार का एक अहम हिस्सा है जिसने कभी हमें नहीं छोड़ा।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News