INDW vs AUSW One-Off Test : एलिसा हीली के विदाई टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की 10 विकेट से बड़ी जीत
punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 02:45 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : INDW vs AUSW: पिंक बॉल टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को करारी शिकस्त देते हुए 10 विकेट से जीत दर्ज की। कप्तान एलिसा हीली ने अपने विदाई मुकाबले को यादगार बनाते हुए टीम को शानदार जीत दिलाई, जबकि एनेबेल सदरलैंड ने गेंद और बल्ले दोनों से कमाल करते हुए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब जीता।
हीली के विदाई मैच में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा
पर्थ के WACA ग्राउंड में खेले गए इस महिला पिंक-बॉल टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने भारत पर पूरी तरह से दबदबा बनाए रखा। भारत ने दूसरी पारी में संघर्ष करते हुए फॉलो-ऑन से बचने की कोशिश की, लेकिन लक्ष्य केवल 25 रन का रह गया जिसे ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने मल्टी-फॉर्मेट सीरीज भी 12-4 से अपने नाम कर ली।
प्रतिका रावल और स्नेह राणा की संघर्षपूर्ण साझेदारी
तीसरे दिन भारत ने 105/6 के स्कोर से अपनी दूसरी पारी आगे बढ़ाई। प्रतिका रावल और स्नेह राणा ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की। प्रतिका ने दिन की पहली बाउंड्री लगाई, 105 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, दोनों ने सातवें विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की; हालांकि एश्ले गार्डनर ने स्नेह राणा को 30 रन पर आउट कर यह साझेदारी तोड़ दी।
निचला क्रम जल्दी सिमटा
इसके बाद भारतीय बल्लेबाजी ज्यादा देर टिक नहीं पाई। कश्वी गौतम अलाना किंग की गेंद पर स्लिप में कैच देकर शून्य पर आउट हुईं; सायली सटघरे भी ज्यादा देर नहीं टिक सकीं और 3 रन बनाकर आउट हो गईं, आखिरकार प्रतिका रावल आखिरी विकेट के रूप में आउट हुईं। उन्होंने 137 गेंदों में 63 रन की जुझारू पारी खेली जिसमें 8 चौके शामिल थे। भारत की पूरी टीम 149 रन पर सिमट गई।
25 रन का लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया के लिए आसान
25 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया के ओपनर्स ने तेजी से रन बनाए। पांचवें ओवर में जॉर्जिया वोल ने लगातार तीन चौके लगाकर मैच खत्म कर दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 10 विकेट से आसान जीत दर्ज की और हीली का विदाई मैच जीत के साथ समाप्त हुआ।
एनेबेल सदरलैंड का शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन
इस मैच की सबसे बड़ी स्टार एनेबेल सदरलैंड रहीं। पहली पारी में 4 विकेट, दूसरी पारी में 2 विकेट, बल्लेबाजी में 129 रन; उनकी 129 रन की पारी में 17 चौके शामिल थे और उन्होंने एलिस पेरी (76) के साथ चौथे विकेट के लिए 134 रन की साझेदारी की। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 323 रन बनाए थे। भारत की ओर से सायली सटघरे ने 4 विकेट लिए।

