IPL 2026 : KKR की लगातार चौथी जीत, DC को 8 विकेट से दी मात

punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 10:51 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : फिन एलेन के 47 गेंद में नाबाद शतक और अनुभवी स्पिनर सुनील नारायण की अगुवाई में अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल में 'करो या मरो' के मुकाबले में शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स को आठ विकेट से हराकर प्लेआफ की उम्मीदें कायम रखी है। पहले गेंदबाजी करते हुए केकेआर ने दिल्ली को आठ विकेट पर 142 रन पर रोक दिया था । जवाब में जीत का लक्ष्य 14.2 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया जिसमें 'इंपैक्ट सब ' एलेन ने 47 गेंद में पांच चौकों और दस छक्कों की मदद से नाबाद सौ रन बनाये ।

एलेन ने मुकेश कुमार को छक्का लगाकर तिहरे अंक को छुआ और टीम को जीत भी दिलाई । इस जीत के बाद केकेआर दस मैचों में नौ अंक लेकर सातवें स्थान पर पहुंच गई है जबकि दिल्ली 11 मैचों में आठ अंक लेकर आठवें स्थान पर है और प्लेआफ की दौड़ से लगभग बाहर है । पहले बल्लेबाजी के लिये भेजी गई दिल्ली के बल्लेबाजों ने एक बार फिर निराश किया और पाथुम निसांका (29 गेंद में 50 रन) तथा सातवें नंबर पर उतरे आशुतोष शर्मा (28 गेंद में 39) को छोड़कर कोई टिककर नहीं खेल सका । बीच के ओवरों में एक बार छह ओवर से अधिक कोई बाउंड्री नहीं लगी और आखिरी ओवर में भी तीन ही रन बने । केकेआर के लिये नारायण ने चार ओवर में 17 रन देकर एक विकेट लिया । वरूण चक्रवर्ती ने चार ओवर में 28 रन दिये जबकि अनुकूल रॉय ने 31 रन देकर दो विकेट चटकाये । तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने चार ओवर में 25 रन देकर दो विकेट लिये । केकेआर की शुरूआत भी अच्छी नहीं रही और तीसरे ओवर में कप्तान अजिंक्य रहाणे दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हो गए ।

मिचेल स्टार्क की इनस्विंग यॉर्कर पर एलेन ने स्ट्रेट शॉट खेला और गेंदबाज के हाथ से टकराकर गेंद स्टम्प पर चली गई जब रहाणे क्रीज से बाहर थे । अगले ओवर में अंगकृष रघुवंशी को अक्षर पटेल ने बोल्ड कर दिया । पावरप्ले में केकेआर का स्कोर दो विकेट पर 43 रन था । एलेन ने सातवें ओवर में विपराज निगम को चौका और स्ट्रेट में 92 मीटर का छक्का लगाया । खराब फॉर्म से जूझ रहे स्पिनर कुलदीप यादव आठवें ओवर में आये जिन्हें एलेन ने एक छक्का और एक चौका जड़ा । उन्होंने स्टार्क को छक्का लगाकर अपना अर्धशतक 32 गेंद में पूरा किया ।

कुलदीप को 12वें ओवर में एलेन और कैमरन ग्रीन ने डीप मिडविकेट पर छक्के लगाये । अगले ओवर में निगम को लगातार तीन छक्के लगाकर एलेन ने शतक की ओर कदम रख दिया । इससे पहले दिल्ली को निसांका और राहुल ने अच्छी शुरूआत दी और ढीली गेंदों को नसीहत देते रहे । निसांका ने दूसरे ही ओवर में वैभव अरोड़ा को छक्का लगाकर अपने तेवर जाहिर कर दिये और अगले ओवर में अनुकूल रॉय की गेंद को भी सीमा के पार पहुंचाया । नारायण चौथे ओवर में गेंदबाजी के लिये आये लेकिन राहुल और निसांका ने चौकों के साथ उनका स्वागत किया ।

वेस्टइंडीज के इस अनुभवी स्पिनर के पहले ओवर में 11 रन बने । तेज गेंदबाज त्यागी को राहुल ने पांचवें ओवर में दो चौके लगाये लेकिन आखिरी गेंद पर विकेट गंवा बैठे । गेंद पूरी तरह से बल्ले पर नहीं आई और हवा में खेले गए शॉट पर कैमरन ग्रीन ने कैच लपक लिया । आईपीएल के इस सत्र में शानदार फॉर्म में चल रहे राहुल ने 14 गेंद में चार चौकों की मदद से 23 रन बनाये । पावरप्ले में दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 55 रन था लेकिन इसके बाद अगले छह ओवर में सिर्फ 36 रन बने और चार विकेट गिर गए । बीच के ओवरों में केकेआर के गेंदबाजों खासकर स्पिनरों ने दिल्ली के बल्लेबाजों को बांधे रखा ।

निसांका ने आठवें ओवर में ग्रीन को फाइन लेग के ऊपर से 73 मीटर का शानदार छक्का लगाया । दूसरे छोर पर नीतिश राणा टिककर खेल नहीं सके और आठ रन बनाकर नारायण को कैच देकर लौटे । वरूण ने नौवें ओवर में सिर्फ तीन रन दिये । समीर रिजवी (तीन) नारायण को स्वीप शॉट खेलने के प्रयास में डीप मिडविकेट पर रोवमैन पावेल को कैच दे बैठे । इस बीच निसांका ने दसवें ओवर में रॉय को एक्स्ट्रा कवर पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक 29 गेंदों पर पूरा किया जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल थे । वह हालांकि अगली गेंद पर आगे बढकर खेलने के प्रयास में चूके और विकेट के पीछे अंगकृष रघुवंशी ने स्टम्पिंग करने में कोई चूक नहीं की । दिल्ली के बल्लेबाजों पर दबाव का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि तेरहवें से सोलहवें ओवर के बीच में सिर्फ दस रन बने ।

रॉय ने 13वें ओवर में चार रन दिये जबकि वरूण , त्यागी और नारायण ने इसके बाद के ओवरों में दो दो रन ही दिये । आशुतोष शर्मा ने 38 गेंद बाद बाउंड्री लगाते हुए 17वें ओवर में वरूण को छक्का लगाकर इस दबाव को कम किया। इस ओवर में दो चौके और जड़ते हुए उन्होंने 16 रन निकाले । आशुतोष ने अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए त्यागी को डीप थर्डमैन पर दर्शनीय छक्का लगाया । कंधे से ऊपर आफ स्टम्प से बाहर जा रही गेंद को भांपकर उन्होंने बल्ले को घुमाते हुए गेंद का रूख डीप थर्डमैन की ओर कर दिया । कप्तान अक्षर पटेल ने भी निराश ही किया और 11 रन बनाने के लिये 22 गेंद खेल डाली । वह अरोड़ा की गेंद पर छक्का लगाने के प्रयास में विकेट गंवा बैठे जिनका शानदार कैच डीप मिडविकेट पर रॉय ने लपका । 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News