''अभी WTC फाइनल भूल जाइए'', पूर्व भारतीय विकेटकीपर का शुभमन गिल को बड़ा संदेश

punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2026 - 12:02 PM (IST)

नई दिल्ली : भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दीप दासगुप्ता ने श्रीलंका दौरे से पहले युवा भारतीय टेस्ट टीम को अहम संदेश दिया है। उनका कहना है कि टीम इस समय बदलाव (Transition) के दौर से गुजर रही है, इसलिए खिलाड़ियों को अगले साल होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल के बारे में सोचने के बजाय अपने खेल में सुधार पर ध्यान देना चाहिए।

'अभी WTC फाइनल की बात करना छोड़ दें'

अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर दासगुप्ता ने कहा कि भारत को फिलहाल WTC फाइनल की दौड़ की चिंता नहीं करनी चाहिए।उन्होंने कहा, 'मैं टीम में लगातार सुधार देखना चाहता हूं। अनुभव की कमी है और टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है, लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि प्रदर्शन में सुधार दिखना चाहिए। शायद मेरी बात कुछ लोगों को पसंद न आए, लेकिन फिलहाल WTC फाइनल क्वालिफिकेशन को भूल जाना बेहतर होगा।'

2020-21 जैसी टीम बनाने पर दें जोर

दासगुप्ता ने आगे कहा कि भारतीय टीम का लक्ष्य 2020-21 वाली टेस्ट टीम जैसा प्रदर्शन दोहराना होना चाहिए, जिसने विदेशी सरजमीं पर भी लगातार शानदार जीत दर्ज की थी। उन्होंने कहा, 'हमें इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि भारतीय टेस्ट टीम फिर से वैसी बने, जैसी 2020-21 में थी। ऐसी टीम जो विदेशों में भी सीरीज जीते और घरेलू मैदान पर भी अपना दबदबा बनाए रखे।'

शुभमन गिल के सामने बड़ी चुनौती

रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ियों के टेस्ट क्रिकेट से हटने के बाद शुभमन गिल के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज युवा कप्तान के लिए बड़ी परीक्षा मानी जा रही है। भारत ने 2025 के अंत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज गंवाई थी, जिससे WTC 2025-27 फाइनल में पहुंचने की उसकी राह मुश्किल हो गई। अब टीम को श्रीलंका और न्यूजीलैंड के कठिन विदेशी दौरे खेलने हैं, जिसके बाद अगले साल घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज होगी।

श्रीलंका दौरे का पूरा कार्यक्रम

अभ्यास मैच (3 दिन): 7-9 अगस्त, कोलंबो
पहला टेस्ट: 15-19 अगस्त, गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम
दूसरा टेस्ट: 23-27 अगस्त, एसएससी स्टेडियम, कोलंबो

श्रीलंका दौरा भारत के लिए WTC अंकतालिका के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। यदि शुभमन गिल की टीम यहां अच्छा प्रदर्शन करती है तो फाइनल की उम्मीदें बरकरार रह सकती हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News