IND vs NZ, T20 WC Final : अहमदाबाद में रनों की बौछार के संकेत, फाइनल से पहले पिच रिपोर्ट आई सामने
punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 10:33 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। डिफेंडिंग चैंपियन भारत के सामने कीवी टीम की कड़ी चुनौती होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक खिताबी मुकाबले के लिए इस्तेमाल होने वाली पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जा रही है और यहां लगभग 200 रन का स्कोर पार स्कोर हो सकता है।
अहमदाबाद पिच रिपोर्ट
मिली जानकारी के अनुसार फाइनल मैच सेंटर विकेट पर खेला जाएगा। इसी पिच का उपयोग पहले कनाडा और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए मैच में किया गया था। उस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने 213/4 का बड़ा स्कोर बनाया था और 57 रन से जीत दर्ज की थी।
रिपोर्ट के मुताबिक इस विकेट पर स्पिनरों को ज्यादा मदद मिलने की संभावना नहीं है, जबकि तेज गेंदबाजों को अच्छी गति और बाउंस मिल सकती है। पिच का व्यवहार कुछ हद तक मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच जैसा रहने की उम्मीद है, जहां भारत ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
ताजा पिच होगी तैयार
बताया जा रहा है कि फाइनल के लिए तैयार की गई पिच ताजा (फ्रेश) होगी और इसे लाल व काली मिट्टी के मिश्रण से बनाया गया है। यह पिच 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में इस्तेमाल की गई पिच से काफी अलग होगी।
2023 वर्ल्ड कप फाइनल की पिच से सबक
2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल भी इसी मैदान पर खेला गया था। उस समय इस्तेमाल की गई पिच पूरी तरह काली मिट्टी की और पहले से इस्तेमाल की गई थी, जिसके कारण वह काफी धीमी और कम उछाल वाली हो गई थी।
उस मैच में भारत 240 रन पर ऑलआउट हो गया था, जो कम स्कोर साबित हुआ। ऑस्ट्रेलिया ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया था।
पिच चयन को लेकर हुआ था विवाद
आईसीसी टूर्नामेंट्स में आम तौर पर पिच की तैयारी आईसीसी के क्यूरेटर की निगरानी में होती है। हालांकि 2023 वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान खबरें आई थीं कि बीसीसीआई और भारतीय टीम ने पिच चयन में राय दी थी। बाद में उस फैसले की काफी आलोचना हुई क्योंकि पिच भारत की ताकत के अनुरूप नहीं थी।
इस बार भारत को मिल सकता है फायदा
इस बार यह साफ नहीं है कि पिच तैयार करने में भारतीय टीम या बीसीसीआई की कितनी भूमिका रही है। हालांकि अगर पिच सपाट और बल्लेबाजी के लिए अनुकूल रहती है तो इसका फायदा भारत के आक्रामक बल्लेबाजों को मिल सकता है, खासकर सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी को।
आमतौर पर कठिन पिच कमजोर टीमों को मौका देती है, क्योंकि बड़े स्कोर बनाना मुश्किल हो जाता है। जबकि सपाट पिच पर अनुभवी और मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप वाली टीमों को फायदा मिलता है।
भारतीय गेंदबाजों के लिए होगी असली परीक्षा
भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ अपनी बल्लेबाजी ताकत दिखाते हुए 253 रन का विशाल स्कोर बनाया था। हालांकि टीम सिर्फ 7 रन से जीत पाई, क्योंकि जसप्रीत बुमराह को छोड़कर बाकी गेंदबाजों ने काफी रन खर्च किए।
अगर फाइनल सपाट पिच पर खेला जाता है तो भारत को बल्लेबाजों से एक बार फिर बड़ा स्कोर चाहिए होगा। साथ ही टीम को जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पांड्या से न्यूजीलैंड के मजबूत बल्लेबाजी क्रम के खिलाफ अहम विकेट की उम्मीद रहेगी।

