IPL 2023 : ये खिलाड़ी करेगा ऋषभ पंत की कमी पूरी, दिल्ली टीम में हुआ शामिल
punjabkesari.in Wednesday, Mar 29, 2023 - 04:27 PM (IST)

स्पोर्ट्स डैस्क : बंगाल के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल को आईपीएल 2023 के लिए दिल्ली कैपिटल्स की टीम में ऋषभ पंत के स्थान पर चुना गया है। पंत वर्तमान में एक दुर्घटना में लगी चोटों से उबर रहे हैं। डेविड वार्नर आगामी आईपीएल सीज़न में दिल्ली की कप्तानी करेंगे, जिसमें अक्षर पटेल उप-कप्तान होंगे।
दिल्ली टीम के एक सत्र ने इंडिया टुडे को बताया, "ऋषभ पंत उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए अभिषेक पोरेल पहले विकल्प के रूप में विकेटकीपिंग करेंगे और हमारे पास दूसरे विकल्प के रूप में सरफराज हैं। हमारे पास समय के साथ तालमेल बिठाने के लिए एक उचित योजना है और आवश्यकता पड़ने पर दोनों का उपयोग करेंगे।"
20 वर्षीय पोरेल अब तक 16 प्रथम श्रेणी मैच, तीन लिस्ट ए मैच और तीन टी20 मैच खेल चुके हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने फरवरी 2022 में बड़ौदा के खिलाफ प्रथम श्रेणी में पदार्पण किया। उनके नाम 30.21 के औसत से 695 रन और छह अर्धशतक हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में उनका एक अर्धशतक भी है। दिल्ली कैपिटल्स के नियमित कप्तान पंत 2022 के अंत में एक सड़क दुर्घटना के कारण आईपीएल 2023 के लिए अनुपलब्ध रहेंगे। वह वर्तमान में कई चोटों से उबर रहे हैं। पंत की गैरमौजूदगी में अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वार्नर दिल्ली फ्रेंचाइजी की कमान संभालेंगे।