RCB vs SHR : बेंगलुरु के मैदान पर बने 549 रन, हैदराबाद ने 25 रन से जीता मुकाबला

punjabkesari.in Monday, Apr 15, 2024 - 11:13 PM (IST)

खेल डैस्क : बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मुकाबले में आईपीएल इतिहास के सबसे ज्यादा रन बने। हैदराबाद ने पहले खेलते हुए ट्रेविस हेड के शतक, हेनरिक क्लासेन के अर्धशतकों की मदद से 287 रन बनाए थे। जवाब में अरसीबी की टीम 7 विकेट खोकर 262 रन ही बना पाई और 25 रन से मुकाबला गंवा दिया। दोनों टीमों ने कुल 549 रन बनाए जोकि नया रिकॉर्ड भी है। इस हार के साथ ही बेंगलुरु के लिए प्लेऑफ में जाने की उम्मीदें धुंधली हो गई हैं। वहीं, हैदराबाद 6 मैचों में 4 जीत के साथ अंक तालिका में टॉप 5 में आ गई है।

 


सनराइजर्स हैदराबाद : 287/3 (20 ओवर)

हैदराबाद ने अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की बदौलत तेजतर्रार शुरूआत की। ट्रेविस हेड तो अलग ही लय में नजर आए। उन्होंने केवल 20 गेंदों पर ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। हैदराबाद ने पावरप्ले में ही 76 रन बनाए जोकि सीजन में उनका छठा बेस्ट स्कोर है। हैदराबाद ने बीते दिनों मुंबई के खिलाफ पावरप्ले में 81, चेन्नई के खिलाफ 77 रन बनाए थे। बहरहाल, दोनों ओपनर्स ने 7.1 ओवर में स्कोर 100 पार लगा दिया। अभिषेक रिसे टॉपले की गेंद पर 34 रन बनाकर आऊट हो गए। उन्होंने 22 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्के भी लगाए। इसी बीच ट्रेविस हेड ने 39 गेंदों पर 8 छक्के लगाकर अपना शतक पूरा किया गया। यह आईपीएल इतिहास का चौथा सबसे तेज शतक रहा। इसके साथ ही हैदराबाद ने 12 ओवर में ही एक विकेट खोकर 158 रन बना लिए। इसके बाद हेनरिक क्लासेन ने एक छोर संभाल लिया। क्लासेन ने 31 गेंदों पर 2 चौके और 7 छक्कों की मदद से 67 रन बनाए। वह जब आऊट हुए तो हैदराबाद का स्कोर 231 हो गया था।  इसके बाद अब्दुल समद के साथ एडेन मार्करम ने मोर्चा संभाला और बेंगलुरु के गेंदबाजों की डेथ ओवर्स में जमकर पिटाई की। अब्दुल समद ने जहां 10 गेंदों पर 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 37 रन बनाए तो वहीं, एडेन ने 17 गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 32 रन बनाए और टीम को 287 रनों तक पहुंचा दिया।

 

 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : 262-7 (20 ओवर)

288 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु को कप्तान फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली ने तूफानी शुरूआत दी। दोनों ने पावरप्ले में 200 से ज्यादा स्ट्राइक रेट से रन बनाए। विराट ने 20 गेंदों पर 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 42 रन बनाए। उन्हें मयंक मार्कंडेय ने बोल्ड किया। इसके बाद कप्तान डुप्लेसिस ने अर्धशतक बनाया। हालांकि विल जैक 7 रन बनाकर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आऊट हो गए। इसके बाद रजत पाटीदार भी महज 5 गेंदों पर 9 रन बनाकर मार्कंडेय का शिकार हो गए। 10वें ओवर में बेंगलुरु को झटका लगा जब कप्तान डु प्लेसिस 28 गेंदों पर 62 रन बनाकर पैट कमिंस का शिकार हो गए। डु प्लेसिस ने अपनी पारी के दौरान 7 चौके और 4 छक्के लगाए। इसके बाद कमिंस ने सौरव चौहान को भी 0 पर पवेलियन की राह दिखाकर बेंगलुरु को पांचवां झटका दे दिया। 15वें ओवर में महिपाल लोमरोर 11 गेंदों पर 2 छक्कों की मदद से 19 रन बनाकर आऊट हो गए। हालांकि इसके बाद एक छोर संभालते हुए दिनेश कार्तिक ने जोरदार हिटिंग की और 4 छक्के लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। कार्तिक 19वें ओवर में आऊट हुए लेकिन तब तक वह 35 गेंदों पर 5 चौके और 7 छक्कों की मदद से 83 रन बनाकर टीम को 244 रन तक पहुंचा चुके थे। आखिरी ओवर में अनुज रावत (25) ने भी ताबड़तोड़ रन जड़े। लेकिन उनकी टीम लक्ष्य हासिल करने से दूर रह गई।

 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : विराट कोहली, फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), विल जैक, रजत पाटीदार, सौरव चौहान, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), महिपाल लोमरोर, विजयकुमार विशक, रीस टॉपले, लॉकी फर्ग्यूसन, यश दयाल।
सनराइजर्स हैदराबाद : ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, एडेन मार्कराम, नितीश रेड्डी, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, पैट कमिंस (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, जयदेव उनादकट, टी नटराजन


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Recommended News

Related News